सीबीआई जांच की मांग के साथ आमरण अनशन 15 दिनों के लिए स्थगित
● रमेश पटेल हत्याकाण्ड मामला
बिल्थरारोड/ बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे भाआपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस द्वारा इसकी उच्चस्तरीय जांच के आश्वासन के बाद अपना आमरण अनशन 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया। उपजिलाधिकारी ने प्रदेश अध्यक्ष को पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान पार्टी ने जिलाधिकारी को सम्बोघित तीन सूत्रीय समझौता पत्र जिसमें रमेश पटेल हत्याकाण्ड प्रकरण का मुकदमा दर्ज करने, उक्त प्रकरण की जांच उच्च स्तरीय एजेन्सी सीबीआई से कराने व मृतक की बहन लक्ष्मीना देवी को सुरक्षा मुहैया कराना शामिल था को एसडीएम को सौंपा।
उभांव थाना क्षेत्र के तिरनई चट्टी पर रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे को लेकर भारत आजाद पार्टी द्वारा शुरू किया गया आमरण अनशन बुधवार को उभांव एसएचओ राजेश सिंह के उच्चस्तरीय जांच के आश्वासन के बाद 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। एसडीएम राधेश्याम पाठक ने आमरण अनशन पर बैठे भाआपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र पटेल को पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस दौरान अनशनकारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा। अनशनकारियों का कहना था कि यदि 15 दिन के अन्दर हत्याकाण्ड की उच्चस्तरीय जांच व इसका मुकदमा नही लिखा गया तो वे पुनः अनशन को बाध्य होंगे। उपजिलाधिकारी को सौंपे गये समझौता पत्रक पर भाआपा के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद यादव मानव व प्रदेश अध्यक्ष सवतंत्र पटेल के हस्ताक्षर थे।
आखिर मान ही गये अनशनकारी
भाआपा द्वारा पिछले 2 माह से रमेश पटेल हत्याकाण्ड के खुलासे की मांग व पुलिस के भ्रष्ट शैली के खिलाफ धरना प्रदर्शन, अनशन व आमरण अनशन किया जा रहा था। बावजूद आज तक इस मामले में उभांव पुलिस द्वारा मुकदमा तक दर्ज नही किया गया था। पुलिस के रवैये से नाराज भाआपा द्वारा आमरण अनशन के दूसरे दिन ही पुलिस की बात पर अचानक विश्वास कर अनशन को स्थगित करना लोगों के लिए आश्चर्यजनक रहा। वैसे इसको लेकर चर्चा इस बात की भी रही कि समझौते की पटकथा कुछ दिन पूर्व एक मीडियाकर्मी के हस्तक्षेप से अनशनकारी व पुलिस के बीच हुई बैठक में ही लिख दी गयी थी। जो बुधवार को हकीकत में बदल गयी। वैसे इस मामले में उभांव थानाध्यक्ष राजेश सिंह की महती भूमिका से इंकार नही किया जा सकता।
उभांव थाना क्षेत्र के पलिया निवासी रमेश पटेल 5 जून की रात अपनी पत्नी के साथ गांव में ही एक शादी समारोह में सम्मिलित होने गया था। उसकी पत्नी सोमारी के अनुसार रात में जयमाल आदि के बाद उसके पति उसे घर छोड़ कर पुनः शादी में सम्मिलित होने चले गये थे। सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि उसका पति आंगन में अभी भी सो रहा है। जब वह उसे उठाने लगी तब उसकी हालत देखकर उसे उसकी मौत की खबर लगी। इस दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां आ पहुंचे। लोगों ने देखा कि रमेश अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस दौरा उसके गले पर काला निशान व जीभ बाहर निकली पायी गयी। पीएम रिपोर्ट में उसकी मृत्यु गला कसने से बतायी गयी। जो कि साफ रमेश की हत्या की तरफ इशारा करती है। रमेश के मृत्यु के चौथे दिन उसकी पत्नी ने उभांव पुलिस को तहरीर देकर अपने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी। परन्तु पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नही की। बाद में भारत आजाद पार्टी ने इस मामले के खुलासे के लिए एसपी बलिया से मिलकर मांग की। एसपी के आदेश पर सीओ रसड़ा व फोरेंसिक टीम ने अपनी जांच शुरू की थी परन्तु 2 माह से अधिक बीतने के बाद भी पुलिस सिर्फ जांच की प्रक्रिया में ही जुटी रही। इस दौरान पुलिस लगातार इस मामले को हैंगिंग करार कर इससे अपना पल्ला झाड़ने का कार्य करती रही। मामले के खुलासे को लेकर भाआपा ने तहसील मुख्यालय पर दो-दो बार धरना प्रदर्शन भी किया परन्तु पुलिस इस मामले को आत्महत्या का रूप देने में ही लगी रही। पिछले 24 जून से भाआपा द्वारा इसके खुलासे को लेकर तिरनई चट्टी पर क्रमिक अनशन व 10 जुलाई से आमरण अनशन शुरू किया गया था।
मृतक की बहन ने भाभी पर ही लगाया है हत्या का आरोप
इस घटना क्रम में उस समय नया मोड़ आया जब मृतक की बहन लक्ष्मीना देवी ने अपनी भाभी पर ही भाई की हत्या कराने का आरोप लगा दिया। बहन का आरोप था कि भाभी के अवैध सम्बन्धों की जानकारी उसके भाई को हो गयी थी। जिसके चलते उसकी हत्या करा दी गयी। उधर चारपाई पर मिले मृतक को हैंगिंग करार देने वाली पुलिस अब तक यह नही बता पाई है कि रात भर शादी समारोह में रहने के बाद आखिर ऐसा क्या हुआ कि रमेश ने फांसी लगा ली। यही नही उसने कब व कहां फांसी लगाई तथा उसे उस अवस्था से उतार कर किसने उसके घर की चारपाई पर पहुंचा दिया इसका भी उत्तर अनुत्तरीत ही है। जब रमेश ने फांसी लगायी तो उसकी पत्नी ने मौत के चार दिन बाद पुलिस को तहरीर देकर उसकी हत्या करने के आरोप के पीछे मंशा क्या थी इसको भी पुलिस लोगों के सामने नही रख रही है। आखिर किसा कारण इस मामले को हैंगिंग करार देने पर पुलिस आमादा है यह यक्ष प्रश्न जनता आज भी जनता जानना चाहती है। फिलहाल देखा जाय तो मामला पूरी तरह संदिग्ध ही प्रतीत होता है। देखना है कि अब पुलिस अनशनकारियों की मांग के आधार पर इसकी उच्चस्तरीय जांच कराती है या इसे ठण्डे बस्ते में ही रहने देती है।

