Uncategorized

युवक की मौत के मामले में भाआपा ने न्याय के लिए महिला पुलिस अधीक्षक को सौंपा पत्रक

◆ उभांव पुलिस पर मामले में लीपापोती कर आत्महत्या का रूप देने का लगाया आरोप

बिल्थरारोड/बलिया। भारत आजाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने गुरूवार को पुलिस अधीक्षक को एक पत्रक सौंप कर उभांव थाना क्षेत्र के पलिया गांव में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस पर लीपा-पोती का आरोप लगाया है। पत्रक में अध्यक्ष ने चेताया है कि इस मामले में न्याय न मिलने की स्थिति में पार्टी जनान्दोलन का रूख अपनायेगी। उधर बुधवार को मृतक की पत्नी द्वारा पति के हत्या के कारणों की जांच व हत्यारों की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में उभांव पुलिस को दी गयी तहरीर पर अब तक मुकदमा दर्ज नही हो सका था। प्रदेश अध्यक्ष द्वारा महिला पुलिस अधीक्षक अपर्णा गांगुली को इस आशय का पत्रक देने से क्षेत्रवासियों में इस मामले में न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है।
भारत आजाद पार्टी के सदस्यों ने गुरूवार को पुलिस अधीक्षक को दिये गये पत्रक में उल्लेख है कि पिछले शनिवार को पलिया गांव में रमेश पटेल 27 वर्ष नामक युवक अपने विस्तर पर संदिग्ध अवस्था में मृत अवस्था में पाया गया। उस दिन सुबह 6 बजे जब उसकी पत्नी सोमारी उसे जगाने पहुंची तो उसे बिस्तर पर मृत पड़ा देख भौचक्की रह गयी। घटना के समय मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी तथा उसके गले पर काला निशान भी पड़ा मिला था। पीएम रिपोर्ट में भी युवक की मौत का गले को रस्सी से कसने से होना दर्शाया गया। घटना के समय की परिस्थित व साक्ष्यों युवक की हत्या की ही गवाही देते नजर आते है। पत्रक में भारत आजाद पार्टी का आरोप है कि इस मामले में उभाव पुलिस घटना को आत्महत्या का रूप देकर अपना पल्ला झाड़ना चाहती है। पत्रक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र पटेल ने युवक की मौत के सम्बन्ध में अनेक सवाल उठायें हैं। उन्होने पूछा है कि यदि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या ही की होती तो उसका शव अपने बिस्तर पर कैसे पहुंच गया तथा वह रस्सी कहां गयी जिससे उसने फांसी लगायी थी। उन्होने पत्रक में यह भी सवाल किया है कि पुलिस यह बताये कि घर के छत की किस कुण्डी से युवक ने लटकर कर अपनी जान दी थी। पत्रक में मृतक की चारपाई के चारों पायों के जमीन में काफी अंदर तक धसने को भी हत्या का आधार बनाया गया है तथा उस गड्ढे को मृत्यु के पहले युवक द्वारा संघर्ष की निशानी बतायी गयी हैं।सही मायने में देखा जाय तो पुलिस के पास इन सवालों का कोई जवाब नही नजर आता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *