लापरवाही : नाला पर पटिया न होने से ग्रामीण रोज गिरकर हो रहे चुटहिल
नदवासराय/मऊ।विकास खण्ड बडरांव अन्तर्गत ग्राम पंचायत नदवासराय में जीयनपुर मार्ग से नेशनल इण्टर कालेज नदवासराय विद्यालय तक पूर्व में बने खडंजा मार्ग को तोड़कर उसके बीचोबीच क्षेत्र पंचायत द्वारा लगभग तीन सौ मीटर लम्बा खुला नाला बनाये जाने से आये दिन विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, राहगीर नाले में गिर कर घायल हो रहे हैं। जिसे लेकर इस पर पट्टिया लगवाने के लिए ग्रामीणों ने कई बार तहसील दिवस पर प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन इस पर कोई कार्यवाही न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस बावत ग्रामीण एजाज खां, जफीर, अजीम का कहना है कि इस सम्पर्क मार्ग से भीरा, बुधनारी, डांड़ी, चन्द्रापार सहित आधा दर्जन गांवों के लोग मुहम्मदाबाद गोहना जाने के लिए सीधा इसी मार्ग का इस्तेमाल कर नदवासराय पहुंचते हैं। लेकिन जब से खडंजा मार्ग को तोड़कर इसके बीचोबीच खुला नाला बना दिया गया, तब से आये दिन कोई ना कोई नाले में गिर कर घायल हो जाते हैं। रामजन्म, उमाकान्त, रामाकान्त, भोला का कहना है कि एक तो घटिया सामग्री से खुला नाला निर्माण कराकर सरकारी धन की बंदरबांट की गई है। दूसरे इस पर पट्टिया लगाने की मांग को लेकर दर-दर भटकना पड़ रहा है लेकिन कही सुनवाई नहीं हो रही है।
इधर ब्लॉक बडरांव के खण्ड विकास अधिकारी फैसल आलम से पूछे जाने पर इन्होंने कहा की हमें मात्र दो दिन हुआ ज्वाइन किए, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।

