Uncategorized

मां आदि शक्ति दुर्गा धाम मंदिर के 15 वें स्थापना दिवस पर भक्त खूब झूमें

बिल्थरारोड/बलिया। नगर के बाघवाली गली स्थित मां आदि शक्ति दुर्गा धाम मंदिर के 15 वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सर्वजन कल्याणार्थ देवी पूजन पाठ एवं यज्ञ रविवार को भक्तों के भारी हुजूम के बीच सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देर रात तक चले माता के जागरण कार्यक्रम में भक्ति संगीत की सरिता बहती रही। जागरण के कलाकारो द्वारा विभिन्न झांकियों की प्रस्तुति से दर्शक अभिभूत नजर आये। कार्यक्रम में श्रद्वालु भक्ति संगीत की धुन पर देर रात तक थिरकते रहे।
15वें स्थापना दिवस का यह कार्यक्रम जहां शाम को मां को 56 भोग व एवं 108 ज्योति की महाआरती से प्रारम्भ हुई वहीं अलसुबह माता के जागरण कार्यक्रम के साथ सम्पन्न हुआ। जागरण कार्यक्रम में अयोध्या के गायकों देवेन्द्र पाठक, सौरभ श्रीवास्तव, रीना आदि ने जहां अपने भक्ति संगीत सच्चा दरबार बा मां बाघ वाली मैया की, चलो बुलावा आया है, माता तेरी हर बात निराली से लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया वहीं अयोघ्या में मंदिर वहीं बनायेंगे गाकर उन्हे जोश से भर दिया। इस दौरान कलाकारों ने विभिन्न मनमोहक झांकियां राम-कृष्ण, शंकर पार्वती, कालीजी आदि की प्रस्तुत कर लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। भक्ति रस के इस कार्यक्रम में श्रद्धालु रात भर गोते लगाते रहे तथा कलाकारों के झूमते रहे। कार्यक्रम के अंत में मंदिर की संस्थापिका एवं पुजारिन ज्ञानप्रभा गुप्ता ने कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उन्हे मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार की सायं 7 बजे आयोजित विशाल भण्डारे में प्रसाद ग्रहण करने को आमंत्रित भी किया। कार्यक्रम में व्यवस्थापक के रूप में ओमप्रकाश पांडेय, दिनेश चौरसिया, सुभाष मदेशिया, बब्लू मदेशिया, प्रधान वर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *