प्रधानमंत्री से सराहना पाने वाले बलिया के युवा उद्यमी का हुआ गृहक्षेत्र में स्वागत
फोटो कैप्सन- युवा उद्यमी बृजेन्द्र सिंह प्रधानमंत्री के पीछे सफेद शर्ट में…
(अशोक जायसवाल)
बिल्थरारोड/बलिया। प्रधानमंत्री की शाबाशी मिलने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे युवा उद्यमी बृजेन्द्र सिंह उर्फ शोले सिंह का स्थानीय जिला पंचायत डाक बंगला पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना का लाभ उठाने व इसके तहत अपने उद्योग को विकसित करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होनें प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि एक उच्च पद पर बैठा व्यक्ति किसी गांव के रहने वाले छोटे उद्यमी से मिलकर उसके कामकाज के बारे में जानकारी ली हो। इस मौके पर जहां केएमबी के संचालक पवन मित्तल ने उन्हे स्मृति चिन्ह प्रदान किया वहीं अरशद हिन्दुस्तानी ने अपने गायन से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
क्षेत्र के हब्सापुर, मालीपुर निवासी बृजेन्द्र सिंह उर्फ शोले सिंह सन 1997 में हरियाणा के फरीदाबाद क्षेत्र में नौकरी करने के सिलसिले में रवाना हुए। लगभग 7 साल नौकरी करने के बाद उन्हे लगा कि उनके अन्य क्षेत्र में भी कार्य करना चाहिए। इसके लिए बकायदा उन्होने सुपर कन्ट्रोल कम्पनी की नींव डाली तथा अपने मित्रों व कुछ उद्योपतियों से व्यवसाय के सम्बन्ध में बातचीत की। इस दौरान उनके मित्रों ने उन्हे सोलर एनर्जी को विकसित करने सम्बन्धित कार्य की सलाह दी। वर्तमान में जर्मनी में बनी एक सोलर एनर्जी मशीन की कीमत साढ़े तीन करोंड़ की पड़ती है। शोले सिंह ने उस मशीन को अच्छी तरह से जांच परख के बाद कहा कि वे इसको खुद बना सकते हैं। उनकी इस बात पर उनके उद्योगपति मित्रों ने कहा कि सिर्फ कहने से काम नही चलेगा कम से कम तुम इसका माडल बना कर प्रस्तुत करो तभी यह माना जायेगा कि यह कार्य कर सकते हो। श्री सिंह को अपनी सुपर कन्ट्रोल कम्पनी द्वारा इसे विकसित करने के लिए रूपयों की आवश्यकता पड़ी तब उन्होने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 10 लाख रूपये का लोन लिया तथा इसका माडल विकसित कर अपने उद्योगपति मित्रों को दिखाया। माडल देखकर वे काफी प्रसन्न हुए तथा इसके तैयार करने की कीमत पूछी। बृजेन्द्र सिंह ने मात्र 50 लाख में इसको तैयार कर देने की बात कही। उनकी बात पर उद्योगपतियों ने उन्हे इसके लिए आर्डर दे दिया।
युवा उद्यमी ने बताया कि जिस मशीन को जर्मनी से आने में तीन से चार माह लग जाते थे उसे उन्होने मात्र 29 दिन में तैयार कर उसकी आपूर्ति कर दी। इस प्रकार साढे़ तीन करोड़ की मशीन मात्र 50 लाख में भारत में ही मिलने के चलते उसकी डिमाण्ड बढ़ गयी। युवा उद्यमी ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा लोन से व्यवसाय विकसित करने वाले 2 सौ लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 8 अप्रैल को इसके तीन वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 अप्रेल को अपने आवास पर बुलाया। जिसमें सिर्फ 125 लोग ही वहां पहुंच पाये।
प्रधानमंत्री ने खुद सभी उद्यमियों से उनके द्वारा विकसित किये गये उद्योग की जानकारी ली। शोले सिंह से बातचीत में जब उन्हे उनके द्वारा तैयार सोलर एनर्जी के बारे में जानकारी मिली तो वे बहुत प्रसन्न हुए तथा उन्हे शाबाशी दी। कहा कि आपने इसके द्वारा मेक इन इंडिया को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। कहा कि देश में कोई सरकार 100 फीसदी लोगों को नौकरी नही दे सकती परन्तु यदि देश के युवा उद्यमी इसी प्रकार विकास करते हुए लोगो को रोजगार से जोड़ लें तो यहां रोजगार की कमी नही रह जायेगी। बताया कि सूरत की एक महिला जो कि प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना के तहत मात्र 35 हजार रूपये का लोन लेने के बाद एक आटो रिक्शा खरीदा तथा उसे उसने खुद चलाने का कार्य किया। तीन साल बीतने पर अपनी मेहनत के बल पर उसके पास खुद की 12 आटो रिक्शा हो चुकी है।
जब महिला ने अपनी बात को प्रधानमंत्री से साझा की तो वे काफी प्रसन्न हुए तथा उन्हे सराहते हुए कहा कि देश को आप जैसी बेटियों की जरूरत है। इस दौरान उन्होने यह भी पूदा कि क्या इस योजना से उन्हे साहुकार, सूदखोरों से निजात मिली की नहीं। इसके पूर्व जिला पंचायत डाकबंगले में पहुंचने पर युवा उद्यमी का जोरदार स्वागत किया गया। उनका स्वागत करने वालों में धर्मेन्द्र सिंह, संजय सिंह, राजू सिंह, पवन मिततल उर्फ मोनू, अर्जुन राजभर, आनंद यादव, अरशद हिन्दुस्तानी, प्रमोद यादव, नीरज तिवारी, राजेन्द्र यादव, मुन्ना सिंह, राजू यादव, शिब्बू आदि प्रमुख रहे।
प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना को आसानी से पाने के लिए बताया टिप्स…
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंको से प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना का लाभ नही मिलने व लोगे को गणेश परिकक्रमा करने को मजबूर करने की शिकायत पर युवा उद्यमी ने लोगो से इसे घर बैठे आसानी से प्राप्त करने की जानकारी साझा की। कहा कि इस योजना लोग का आसानी से लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हे सिर्फ इंटरनेट के माध्यम से वेबसाइड www.udhyamimitra.in पर क्लिक कर उसके विकल्प को फालो करना है। इसके माध्यम से कोई भी बड़ी आसानी से इस योजना का लाभ उठा सकता है।

