शहीद रामप्रवेश यादव स्मृति द्वार का उर्जा मंत्री ने किया लोकार्पण, शहीद पुत्र से कटवाया फीता
बिल्थरारोड/बलिया। क्षेत्र के टंगुनिया गांव के शहीद रामप्रवेश यादव की स्मृति में विधायक निधि द्वारा तुर्तीपार में बने शहीद प्रवेश द्वार का शुक्रवार को उर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा द्वारा लोकार्पण किया गया। इस मौके पर शहीद के बड़े पुत्र आयुष यादव ने द्वार का फीता काटा। लोकार्पण के इस अवसर पर काबिना मंत्री उपेन्द्र तिवारी, सांसद रविन्द्र कुशवाहा, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, विधायक धनन्जय कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे, पूर्व विधायक भगवान पाठक आदि उपस्थित रहे।
इस दौरान श्री शर्मा ने विधायक निधि से तैयार 8 विभिन्न मार्गों का भी शिलान्यास व लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री शर्मा ने शहीद रामप्रवेश यादव के साथ ही देश के सैनिकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब हमारे सैनिक बार्डर पर जागते हैं तभी हम चैन की नींद सो पाते हैं। कहा कि यह भारतीय सैनिकों के शौर्य का ही परिणाम है कि बार-बार धमकी देने वाले चीन के सैनिको को भारत के जांबाज सैनिकों ने डोकलाम में पीछे हटने को मजबूर कर दिया।
कहा कि सरकार ने शहीद गांव के सम्पूर्ण विकास के लिए इसे मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना में शामिल किया है। उन्होने शहीद रामप्रवेश यादव की पत्नी को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरा सरकार आपके साथ है और आप हमारे परिवार की सदस्य हैं। आपकी सभी प्रकार की मदद के लिए सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है। उन्होने देश के नाम पर राजनीति करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्हे ऐसा न करने की सलाह दी। कहा कि भाजपा किसी की नापंसद हो सकती है परन्तु जब मुल्क की बात आये तो हम सबको एक साथ खड़ा होना चाहिए।
कहा कि आज वोट के लिए गद्दारों को शहीद का दर्जा देने की साजिश हो रही है। कहा कि पूर्व में जहां सैनिको को पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब देने के लिए दिल्ली की ओर झांकना पड़ता था वहीं आज हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने सैनिकों को इसके लिए खुली छूट दे रखी है। कहा कि बलिया वीरों की धरती है। यहां के वीरों की गाथा पूरे देश में कही जाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारत शिखर की ओर बढ़ रहा है। उन्होने इस अवसर पर देश के लोगो को एकजुट होने का आह्वान किया।
इस मौके पर शहीद रामप्रवेशयादव के पिता, पत्नी, दो पु़त्र सहित उनके अन्य परिजनों को मंत्री व सांसद द्वय सहित विधायक धनन्जय कन्नौजिया ने सम्मानित किया। विधायक ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपना संकल्प दोहराया। इस मौके पर एसडीएम सुशील लाल श्रीवास्तव, सीओ रसड़ा व सिकन्दरपुर, खण्ड विकास अधिकारी पीएन तिवारी, एबीएसए राकेश सिंह सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।
और शहीद की पत्नी की छलक पड़ी आंखे…
बिल्थरारोड। शहीद रामप्रवेश के बड़े पुत्र आयुष ने जब अपने पिता की स्मृमि में बने शहीद प्रवेश द्वार का ज्योंही फीता काटा त्योंही उसकी मां की आंखे छलक पड़ीं। काफी प्रयास के बाद उन्होने अपने आप पर काबू पाया। उनको देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखे भी भर आयीं।
रामलीला मैदान के प्रांगण में स्थित प्रा0वि0 का किया निरीक्षण
कार्यक्रम स्थल का लाउडस्पीकर कराया बंद…
बिल्थरारोड। रामलीला मैदान में स्थित प्रा0पा0 सीयर नं0 1 की जांच के दौरान इसमें कई खामिया पाये जाने पर उर्जा मंत्री ने एबीएसए को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के समय सिर्फ एक सौ बच्चों के मिड-डे मिल के सापेक्ष एक दर्जन से अधिक बच्चे ही विद्यालय में मौजूद मिले वहीं रंग रोगन का भी अभाव पाया गया। जिसे देख मंत्री भड़क गये। इसी के साथ उर्जा मंत्री ने बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर बज रहे साउंड को बंद करा दिया। इस प्रकार रामलीला मैदान में आयोजित पूरा कार्यक्रम बिना लाउडस्पीकर के ही सम्पन्न हुआ।

