शादी में साइकिल से पहुंचे दूल्हा और बराती, पर्यावरण को लेकर दिया अनूठा संदेश
इलाहाबाद। शादी-विवाह में कुछ अलग चर्चाएं तो आप अक्सर सुनते रहे होंगे लेकिन मैं आप को एक ऐसे शख्स के बारे में बता रहा हूं जो अपना विवाह बिल्कुल ही नये अंदाज में किया। उसका यह अंदाज समाज के लिए न सिर्फ वर्तमान के आधुनिक युग में नजीर है बल्कि पर्यावरण को लेकर एक सीख भी।
आज कल शादी गरीब की हो या अमीर की हर कोई अपने स्तर से बढ़िया से बढ़िया तरीके से अपने आयोजन को अंजाम देना चाहता है। इतना ही नहीं बारात में लग्जरी गाड़ियों का काफिला ले जाना तो स्टेट्स सिम्बल बनता जा रहा है। समाज में कुछ अलग करने का जुनून पाल प्रतापगढ़ जनपद के मानधाता क्षेत्र के बोझी गांव में पर्यावरण सेना की पहल पर एक अनोखा विवाह हुआ। इसके गवाह ग्रामीण बने और इसे एक नई मिसाल बताया। हुआ यूं कि दूल्हा व बाराती साइकिल से पहुंचे। रविवार को दूल्हे ने अपनी शादी में साइकिल चलाकर पीढियों के लिए पर्यावरण की रक्षा का संदेश दिया।
प्रतापगढ़ जनपद के मानधाना थाना क्षेत्र के बोझी ग्राम पंचायत के इब्राहिमपुर गांव में भोला की बेटी चंदा का विवाह अलावलपुर सोरांव के जवाहरलाल के पुत्र जावेंद्र कुमार के साथ रविवार को हुआ। विवाह में जहां लोग तमाम तरह के ताम झाम करते हैं वहीं पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी के नेतृत्व में दूल्हे ने बारातियों के साथ पूरेखरगराय से इब्राहिमपुर तक साइकिल चलाया। दूल्हे को पर्यावरण सेना प्रमुख ने एक साइकिल भेंट करते हुए वर वधू को पर्यावरणीय आशीर्वाद दिया। इस मौके पर दूल्हे ने कहा कि साइकिल चलाने से पर्यावरण शुद्ध रहता है वहीं हमारा स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। पर्यावरण सेना प्रमुख ने कहा कि फिजूलखर्ची और अन्न की बर्बादी से हमारा पर्यावरण बिगड़ रहा है। समय की मांग है कि हम प्रदूषण मुक्ति के लिए प्राकृतिक संसाधनों की बरबादी को रोकते हुए पर्यावरण संरक्षण का प्रयास करें। इस मौके पर पर्यावरण सेना इलाहाबाद अध्यक्ष सत्येंद्र पांडेय, रामराज, शिव कुमार यादव, नमन कुमार तिवारी,सचिन कुमार, आकाश सिंह, राधेश्याम, विनोद कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

