अपना जिला

कुलपति ने सतीश चंद्र कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद, शैक्षणिक उन्नयन पर हुई चर्चा

बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ला ने गुरुवार को जिले के उच्च शिक्षा के प्राचीन एवं प्रतिष्ठित केंद्र सतीश चंद्र कॉलेज का दौरा किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्रथम कुलानुशासक कक्ष में प्रो. देवेंद्र सिंह ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अनुशासक के साथ कुलपति प्राचार्य कार्यालय पहुंचे, जहां प्राचार्य प्रो. बैकुंठ नाथ पांडे ने उनका स्वागत किया।

कुलपति ने महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए शैक्षणिक उन्नयन, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा भविष्य की अकादमिक दिशा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों और भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप कार्य करते हुए विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रबोध एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण की प्रयोगशाला भी हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे ज्ञान, विवेक, चरित्र और कर्तव्यबोध के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं। विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करने की कुलपति की पहल को महाविद्यालय परिवार ने सकारात्मक एवं प्रेरणादायी बताया।

कुलपति के दौरे से सतीश चंद्र कॉलेज परिवार में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. सानंद सिंह सहित प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रो. सानंद सिंह ने कुलपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और विद्यार्थी निर्माण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *