विमोचन : द इकोनॉमी आफ उत्तर प्रदेश, यूपी के एक-एक आर्थिक पहलू को जानिए इस पुस्तक में
लखनऊ। यह वह पुस्तक है जो आपको उत्तर प्रदेश के आर्थिक परिवेश को समझने का मौका देगी। पत्रकारों, शोध अध्येताओं और उत्तर प्रदेश के आर्थिक पहलुओं की पृष्ठभूमि की अपनी समझ विकसित करने वाले किसी भी जागरूक व्यक्ति के लिए यह किसी संपदा से कम न होगी। आप भी आमंत्रित हैं। कार्ड में छपे चारों लोग मेरे परिचित हैं। उन सब को मैं बखूबी जानता हूँ और उतना ही वे मुझे।
लेखकद्वय में अरविंद नारायण मिश्र जी से परिचय 1999 में आया था, जब वह राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर निदेशक थे। अलमस्त स्वभाव के श्री मिश्र सदैव सहयोगी स्वभाव के रहे। इनके सिद्धांतों में यह भी रहा कि काम न करने के अगर 100 तरीके हैं तो बेहतर यह हो कि काम करने के 101 तरीके खोजे जाएं।
और अतुल चंद्रा सर की तो बात ही जुदा। मेरे लिए सदा से अग्रज बन अपना आशीष मुझ पर लुटाने को तत्पर। द टाइम्स ऑफ इंडिया के कड़क अंदाज के लेकिन सरलहृदय वाले संपादक रहे चंद्रा सर का प्रिय विषय अर्थशास्त्र है। एक बार, दूरदर्शन में डॉ आंबेडकर जी पर हो रही चर्चा में वह पैनल गेस्ट थे और मैं एंकर। डॉ आंबेडकर के आर्थिक विवेचन पर वह इतना जानते थे कि सब स्तब्ध थे।
हम दोनों ने तब तय भी किया कि आम्बेडकर के अर्थशास्त्रीय चिंतन को ले के एक पुस्तक लिखी जाएगी। पर, यह मेरा ही आलसपन ठहरा कि आज भी जस का तस रह गया। हाँ, अतुल भाईसाहब या चंद्रा सर (जो ठीक लगे आपको, वो पढ़िए), राइटर्स एंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (वाजा) के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। उनके बड़े व्यक्तित्व में मुझे उनका सौम्य रहना बहुत भाता है। मुझे इतना सौभाग्य प्राप्त है कि मैं उनका डालीबाग में सर्वाधिक निकट का पड़ोसी हूँ।
भाई जी से परिचय मेरा सन 1991 का है, जब कानपुर से लखनऊ आया था। वह तब भी शोध संस्थान में थे। संघ के वरिष्ठ प्रचारकों में एक भाईजी ने काफी पहले से विद्या भारती का कार्य देखना शुरू कर दिया था। अपनी उम्र की तुलना में आज भी अथक काम और प्रवास करने वाले भाईजी का राष्ट्रवादी, समन्वयपूर्ण चिंतन युक्त सांस्कृतिक शिक्षण व्यवस्था में जो योगदान है, वह अपने आप में शोध का विषय है। आज 27 साल से मैं उन्हें उसी परम् ऊर्जा से सक्रिय देखता हूँ।
अब बात कर लें, डॉ दिनेश शर्मा जी की।
पत्रकारिता के पेशे में भाजपा देखने को मिली। उस समय से उनकी राजनीति का उद्भव देखा। एलयू में वाणिज्य विभाग की नौकरी पाने से ले के उमा भारती जी का सानिध्य पाने से लेकर एबीवीपी में भी मार्गदर्शक की भूमिका निभाते इन्हें देखा है। इन्हें दो-दो बार मेयर भी देखा। और बहुत बोलते भी देखा। उपजा का लखनऊ ज़िलाध्यक्ष रहते हुए 1 मई 2008 की शाम जब वह राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह आये तो मंच पर बैठते ही मुझसे कान में बोले कि आज ही कोई आपकी बहुत तारीफ कर रहा था पर याद नहीं आ रहा।
फिर डीपीए सभागार में हिंदी दिवस पर भी इनके साथ मंच साझा करते हुए फिर बोले कि मुझे याद है कि कोई आपकी बहुत तारीफ कर रहा था लेकिन वो कौन था, अब तक याद नहीं आ पाया। मेरे लिए यह बात अब भुलाने के लिए काफी हो चुकी थी लेकिन जिस भोलेपन से उन्होंने कहा था, लगता नहीं भूल पाऊंगा। आज वह प्रदेश के दो उप मुख्यमंत्री में से एक हैं। खैर कल सुबह अब इस कार्यक्रम में पहुंचना है। आप सभी आइये। आग्रह है।
लेखक हरेन्द्र पीएस तोमर लखनऊ में वरिष्ठ पत्रकार हैं।
