ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ राजयोगिनी गोमा दीदी का निधन, आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर
मऊ। ब्रह्माकुमारीज संस्था की मोहम्मदाबाद गोहना शाखा की संचालिका एवं वरिष्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी गोमा दीदी का मंगलवार को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने प्रातः लगभग 9:30 बजे मऊ स्थित ब्रह्माकुमारीज केंद्र पर अपनी नश्वर देह का त्याग कर परमात्मा की गोद ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही ब्रह्माकुमारीज परिवार तथा आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
गोमा दीदी पिछले लगभग 46 वर्षों से ब्रह्माकुमारीज संस्था से जुड़ी थीं और बीते 36 वर्षों से आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। उन्होंने तन, मन, धन और जन के माध्यम से अपना संपूर्ण जीवन ईश्वरीय सेवा एवं समाज कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। उनके व्यक्तित्व में दिव्यता, शांति, पवित्रता, धैर्य और सरलता का अद्भुत समन्वय था, जिसके कारण वे सभी की प्रिय और सम्मानित थीं।
उनकी मातृवत पालना, सेवा भावना और परमात्मा के प्रति अटूट विश्वास ने अनगिनत लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके सान्निध्य में कई युवाओं ने आध्यात्मिक जीवन और समर्पण की राह अपनाई। 80 वर्ष की आयु में भी उनमें अद्भुत ऊर्जा और आध्यात्मिक तेज बना हुआ था।
गोमा दीदी के परिवार के सदस्य भी ब्रह्माकुमारीज संस्था के विभिन्न केंद्रों पर सेवाएं दे रहे हैं। उनके निधन पर ब्रह्माकुमारीज क्षेत्रीय मुख्यालय सारनाथ के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्माकुमारी दीपेन्द्र, ब्रह्माकुमारी विपिन भाई, मऊ जिला प्रभारी राजयोगिनी विमला दीदी, ब्रह्माकुमारीज नेपाल के केंद्रीय सचिव भूपेंद्र भाई तथा गाजीपुर जिला प्रभारी राजयोगिनी निर्मला दीदी सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
गोमा दीदी का पार्थिव शरीर श्रद्धालुओं के अंतिम दर्शन के लिए मऊ शाखा के सत्संग कक्ष में रखा गया है। बुधवार प्रातः 6 बजे पार्थिव शरीर को मोहम्मदाबाद गोहना स्थित केंद्र ले जाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के दर्शन के उपरांत उसे सारनाथ स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय पहुंचाया जाएगा। इसके बाद सायंकाल लगभग 3 बजे वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

