धर्म

मऊ में धार्मिक आस्था का महासंगम, शीतला माता मंदिर में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ

• पांच हजार श्रद्धालु कर रहे हैं हनुमान चालीसा का पाठ, 12 हजार लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था

मऊ। शीतला माता मंदिर परिसर में आज सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का भव्य शुभारंभ हो चुका है। हनुमान सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में लगभग 5 हजार श्रद्धालु सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। शीतला माता मंदिर धाम में भक्तों के उमड़े सैलाब व उनके द्वारा किए जा रहे जप से समूचा नगर में हनुमान चालीसा के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो गया है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर अग्रवाल ने बताया कि आयोजन सुबह से प्रारंभ हो गया है। समिति के ही सदस्य आचार्य की भूमिका में पूजन कार्य संपन्न करा रहे हैं। पूजन लगभग 1 से 1.50 घंटे तक चलेगा, जिसके पश्चात सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आरंभ किया गया है।

उन्होंने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से प्रत्येक रविवार को सुंदरकांड का पाठ करते आ रहे हैं और यह आयोजन लोक कल्याण एवं देश की सुख-शांति के उद्देश्य से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार का सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ देश में तीसरी बार आयोजित हो रहा है।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं की सहभागिता का अनुमान है। यदि 3100 श्रद्धालु भी 41 बार हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, तो सवा लाख पाठ का संकल्प पूर्ण हो जाएगा।

हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत भंडारे का आयोजन भी किया गया है। भंडारे में लगभग 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। पूजन एवं पाठ कार्यक्रम सुबह 8 से 10 बजे के बीच प्रारंभ होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा, इसके बाद भंडारा शुरू होगा।

आयोजकों का विश्वास है कि इस धार्मिक अनुष्ठान से न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *