मिसाल-ए-मऊ

मऊ में ओम की गूंज: फ्लाइंग ऑफिसर बन बढ़ाया जनपद का मान

@ आनन्द कुमार…

मऊ। जब सपनों को मेहनत के पंख मिलते हैं, तो उड़ान इतिहास रचती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है मऊ जनपद के होनहार युवा ओम सिंह ने, जिन्होंने AFCAT 1/2025 परीक्षा में ऑल इंडिया 71वीं रैंक हासिल कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर (Weapon Systems) बनने का गौरव प्राप्त किया है।

मूल रूप से मऊ जनपद के गोकुलपुरा, रानीपुर निवासी एवं वर्तमान में मऊ नगर के गालिबपुर में रहने वाले ओम सिंह, ओम किड्स केयर के प्रबंधक मनोज कुमार सिंह और फातिमा स्कूल की अध्यापिका नमिता सिंह के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जनपद में खुशी की लहर है।

शुरू से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति पूर्णतः समर्पित ओम, अपने दृढ़ संकल्प और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। कठिनाइयाँ आईं, लेकिन उन्होंने कभी अपने हौसलों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। “बढ़ते चलो” को जीवन मंत्र मानकर वे निरंतर आगे बढ़ते रहे।

ओम ने नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की शिक्षा फातिमा स्कूल, ताजोपुर (मऊ) से प्राप्त की तथा स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से पूरी की।

अब तक वे 5 बार SSB में Recommended हो चुके हैं। यह उनका तीसरा सफल प्रयास है, जबकि OTA (फौज) और AFCAT 2/2025 के परिणाम अभी आने शेष हैं।

बचपन से ही उनका सपना NDA और MES (Military Engineering Services) में जाने का था। कक्षा 12वीं के बाद उन्होंने MES में ऑल इंडिया रैंक 34 प्राप्त की, लेकिन मेडिकल कारणों से ट्रेनिंग में शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः सशस्त्र बलों में जाने का सपना साकार किया।

अपनी सफलता पर ओम कहते हैं—

“सपने देखो तो उन्हें पूरा करने के लिए उतनी ही मेहनत भी करो। बाधाएँ आती हैं, लेकिन वे आपके हौसलों को रोक नहीं सकतीं।”

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों, मुहल्ले व गांववासियों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।

बधाई देने वालों में डॉ. सतीश सिंह, डॉ. राहुल आनंद सिंह, रवि चौरसिया, मिथिलेश सिंह, विमल सिंह, अरुण चतुर्वेदी, भारत भूषण, विनय सिंह एवं सुभाष यादव सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *