जिला पंचायत चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुटे : राजभर
डॉ. अरविंद राजभर की उपस्थिति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की जिला स्तरीय मासिक संगठन समीक्षा बैठक सम्पन्न
मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की जिला स्तरीय मासिक संगठन समीक्षा बैठक का आयोजन शनिवार को जिला पंचायत सभागार में किया गया। मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने संगठन के विस्तार, कार्यों की समीक्षा की तथा विधानसभा वार पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. अरविंद राजभर ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निर्देशित किया कि वे सुभासपा मुखिया व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें, ताकि सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर समाज को जागरूक किया जा सके।
डॉ. राजभर ने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू करने तथा आरक्षण के वर्गीकरण की पुरजोर माँग दोहराई। उन्होंने कहा कि यही सामाजिक समरसता और न्याय का वास्तविक मार्ग है।
उन्होंने आने वाले जिला पंचायत चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से तैयारियों में जुट जाएँ, ताकि पार्टी से अत्यधिक संख्या में प्रत्याशी विजयी होकर जिला पंचायत में पहुँच सकें।
बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी शक्ति सिंह राष्ट्रीय महासचिव पतिराम राजभर राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह प्रदेश कोषाध्यक्ष फागू सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष वरिष्ठ कार्यकर्ता और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

