मऊ विधानसभा उपचुनाव को लेकर सुभासपा पूरी तरह तैयार: डॉ. अरविंद राजभर
० जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से सीधा संवाद
मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र में संभावित उपचुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी पूरी तरह से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। इसी क्रम में बुधवार घोसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत मऊ विधानसभा में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. अरविंद राजभर ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस जनसंपर्क के दौरान डॉ. राजभर ने स्थानीय जनता, बुजुर्गों, युवाओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया और पंचायत राज विभाग के अंतर्गत मंत्री ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
डॉ. अरविंद राजभर ने कहा…
“मऊ की जनता परिवर्तन चाहती है। हम मऊ उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेंगे और जीत के लिए पूरी रणनीति तैयार है। हमारी पार्टी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।”
उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी न केवल चुनाव लड़ने जा रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की मजबूत पहुंच और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता में उत्साह देखा गया और कई स्थानों पर डॉ. राजभर का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में पार्टी की जीत का संकल्प दोहराया।




