Uncategorized

आदर्श रेलवे स्टेशन बिल्थरारोड को है अच्छे दिन का इंतजार

(अशोक जायसवाल)
◆ वाराणसी भटनी रेल प्रखण्ड पर स्थित बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन ◆आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर व बलिया के रेलवे स्टेशन के समकक्ष है दर्जा प्राप्त
◆पड़ोसी जिले के रेल राज्यमंत्री होने के बावजूद चिराग तले अंधेरा की कहावत कर रहा चरितार्थ
◆आदर्श रेलवे स्टेशन पर बापूधाम, गोरखपुर-पुणे, शालीमार एक्सप्रेस के ठहराव का है इंतजार

बिल्थरारोड बलिया़। ए ग्रेड में शामिल स्थानीय आदर्श रेलवे स्टेशन पर शालीमार, गोरखपुर-पुणे व बापूधाम एक्सप्रेस ट्रेनो का ठहराव सुनिश्चित नही होने से लोगों में काफी निराशा है। भटनी-वाराणसी प्रखण्ड पर मऊ जं0, आजमगढ़, गाजीपुर व बलिया रेलवे के समकक्ष दर्जा प्राप्त यह स्टेशन सुविधा के मामलों में इनसे काफी फिसड्डी है। रेल राज्यमंत्री मनोज सिंहा के पड़ोसी जिले का होने का लाभ भी इसे नही मिल रहा है। क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता सकलदीप राजभर के राज्यसभा प्रत्याशी बनाये जाने के बाद ट्रेन के ठहराव को लेकर एक बार फिर लोगों की उम्मीद परवान चढ़ने लगी है।
तीन जिलों बलिया, मऊ व देवरिया की सरहद पर स्थित बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन आय के मामले में काफी सम्बृद्ध है। स्टेशन की आय प्रतिदिन साढ़े 4 लाख से 5 लाख रूपये तक है। बावजूद यहां सुविधाओं का टोटा है। आदर्श रेलवे स्टेशन का दर्जा प्राप्त होने के बावजूद इस रेल प्रखण्ड से गुजरने वाली बापूधाम, गोरखपुर-पुणे व शालीमार एक्सप्रेस का यहां अब तक ठहराव न होना लोगों की समझ से परे है। गाजीपुर के सांसद मनोज सिन्हा को रेल राज्यमंत्री बनाये जाने के बाद लोगों में खुशी का ठिकाना नही था। उनका मानना था कि अब बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन के दिन भी बहुरेंगे। परन्तु अब ये खुशी भी काफूर हो चुकी है। क्षेत्रीय सांसद रविन्द्र कुशवाहा के प्रयास के बाद भी ट्रेनो के ठहराव का मामला जस का तस है। वरिष्ठ भाजपा नेता सकलदीप राजभर को राज्यसभा प्रत्याशी बनाये जाने के बाद लोगों की उम्मीद अब उन पर ठहर गयी है। लोगों का मानना है कि श्री राजभर सांसद बनने के बाद लोगों की इस सम्स्या का अवश्य निराकरण कराने में सफल रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *