18वीं विधानसभा के उपचुनाव घोसी में, 17 प्रत्याशी मैदान में, मुक़ाबला रोचक
o नामांकन पत्रों की जाँच, वापसी चुनाव चिन्ह आवंटन बाकी
मऊ। 18वीं विधानसभा के उपचुनाव में विधानसभा घोसी से अब तक कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। वैसे तो अभी नामांकन पत्रों की जाँच बाक़ी है। जब तक निर्वाचन अधिकारी द्वारा जाँच में नामांकन पत्रों पर अंतिम मुहर नहीं लग जाती है और वापसी की तारीख़ तक कौन मैदान में है कौन नहीं यह तय नहीं हो जाता, प्रत्याशियों का स्पष्ट तस्वीर तय नहीं हो पाएगा। लेकिन मुख्य मुक़ाबला सपा और भाजपा में होना तय माना जा रहा है। चुनावी रणक्षेत्र में बसपा व कांग्रेस के प्रत्याशी न आने से और कई छोटे दल के और निर्दलीय उम्मीदवार होने से मुक़ाबला और रोचक हो गया है।
घोसी विधानसभा उपचुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन वृहस्पतिवार को 13 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इस प्रकार विधानसभा क्षेत्र घोसी के उप निर्वाचन हेतु कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रमुख प्रत्याशियों में समाजवादी पार्टी से सुधाकर सिंह ने चार सेट में, अफरोज आलम ने जन अधिकार पार्टी से दो सेट में, पीस पार्टी से 2 प्रत्याशियों क्रमशः सनाउल्लाह आज़मी एवं सलाउद्दीन अंसारी ने एक सेट में, रविंद्र प्रताप सिंह ने बहुजन मुक्ति पार्टी से एक सेट में, डॉ0 चंद्रजीत ने निर्दल से एक सेट में, अरविंद कुमार चौहान ने निर्दल से एक सेट में, ओम प्रकाश चौहान ने राष्ट्रीय जनवादी पार्टी से एक सेट में, विनय कुमार ने निर्दल से एक सेट में,रमेश पांडेय ने निर्दल से एक सेट में, इस्माइल अंसारी ने आवामी पिछड़ा पार्टी से एक सेट में, अरविंद कुमार राजभर ने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी से एक सेट में तथा राम अवतार गुप्त ने निर्दल से एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
बुधवार को 4 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया था जिसमें भारतीय जनता पार्टी से दारा सिंह चौहान (तीन सेट में), राजकुमार चौहान आम जनता पार्टी से, मुन्नी लाल चौहान जनता क्रांति पार्टी एवं सुनील चौहान ने जन राज्य पार्टी से ( हर प्रत्याशियों द्वारा एक सेट में) नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
इस प्रकार उन्होंने बताया कि 10 अगस्त 2023 से प्रारंभ नामांकन प्रक्रिया में कुल 17 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कल दिनांक 18 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा 21 अगस्त को नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जायेगा। नामांकन पत्र दाखिल के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे।
