आप पालिका की कमियाँ हमें बताइए, हम उन्हें दूर कर बनाएँगे नगर को बेहतर : अरशद जमाल
मऊनाथ भंजन। शपथ लेने के दूसरे दिन शनिवार को नगर पालिका परिषद के मीटिंग हाल में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने पत्रकारों से औपचारिक बात चीत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों का चुनाव के दौरान निष्पक्ष पत्रकारिता करने पर सभी का आभार जताया । एक प्रश्न का उत्तर देते हुये उन्होंने कहा कि आप द्वारा नगर पालिका की जो कमियां मुझे सुझाई जाती हैं वह मेरे लिये सहयोगी होती हैं क्योंकि इससे कमियों को सुधार कर कार्य की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। जब उनसे पूछा गया कि आपकी प्राथमिकता क्या होगी तो कहा कि आप से बात चीत के बाद अभी मैं सफाई/स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करने वाला हूँ। इस बैठक में जमादारों तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों से बात चीत कर नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू एवं बेहतर तथा अबाध बनाने में विद्यमान समस्याओं का त्वरित समाधान करूँगा।

प्रेस वार्ता के दौरान श्री जमाल ने पत्रकारों को बताया कि मेरे संज्ञान में आया है कि नये परिसीमन में सम्मिलित सभी 54 गांवों में मूलभूत सुविधायें नाम मात्र हैं जिसके चलते वहां के लोगों को स्वभाविक रूप से काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती होंगी। जिसे दृष्टिगत रखते हुये इन गांवों में रोशनी की व्यवस्था करना, आवागमन के प्रमुख रास्तों को चिन्हित कर मुख्य मार्ग से जोड़ना तथा अन्य मूल भूत सुविधाओं की उपलब्धि सुनिश्चित कर वहां के लोगों को अतिशीघ्र राहत पहुंचाने पर अविलम्ब कार्य आरम्भ किया जायेगा। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि चूँकि विस्तार के बाद नगर पालिका परिषद का क्षेत्र काफी लम्बा हो गया है इस लिये पूरे क्षेत्र में जनकल्याणकारी सुविधाओं को पहुँचाने हेतु सरकार का सहयोग नितांत आवश्यक है।
वार्ड नं0 13 स्थित क्षेत्र के संदर्भ में यह पूछे जाने पर कि इस वार्ड का कुछ हिस्सा इस पार और कुछ भाग नदी के उस पार भी स्थित है जिससे लोगों को नगर पालिका एवं शहर आने जाने में काफी कठिनाई का सामना है और वहां के निवासियों को बाढ़ के जमाने में और अधिक दिक्कत झेलनी पड़ती है तो इस पर श्री जमाल का उत्तर था कि इस संदर्भ में बेलवा घाट पर एक पुल का निर्माण मेरी योजना में शामिल है जिसका प्रस्ताव सरकार को भेजा जायेगा यदि सरकार का सहयोग मिला तो इस पुल के निर्माण से नगर के इस क्षेत्र को नदी पार के क्षेत्र से जोड़ कर आवागमन को सुचारू बना दिया जायेगा।
मीटिंग में पत्रकारों द्वारा अन्य प्रश्नों का उत्तर देते हुये श्री जमाल ने बताया कि बिना किसी भेद भाव के नगर क्षेत्र का विकास किया जायेगा, जल निकासी के लिये नये नालों का निर्माण, सीमा विस्तार के बाद सम्मिलिम 54 नये गांवों (200 मजरे) में लाइट लगाने की व्यवस्था हेतु प्रथम बैठक में प्रस्ताव, नये क्षेत्रों में जल निकासी और बस्तियों को मुख्य मार्ग से जोड़ने हेतु आगणन नगर विकास मंत्रालय के समक्ष प्रस्तुत करना, वार्ड नं0 4 स्थित काझा गाँव को आदर्श मुहल्ला बनाना, बड़ा गांव में नगर विकास मंत्री जी के प्रयास से शादी घर के लिए स्वीकृत लगभग 7 करोड़ रूपये से कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य पूर्ण कराना, नगर पालिका क्षेत्र में सीबीएसई बोर्ड पर आधारित अंग्रेजी मीडियम स्कूल बनाने का प्रयास, शहर की चरमराई सफाई व्यवस्था में अविलम्ब सुधार लाना, वरीयताक्रम में नये क्षेत्रों में इण्डियन मार्का हैण्ड पम्प स्थापित करना, अतिशीघ्र नालों की सफाई कराना, नये नलकूपों का अधिष्ठापन, नगर पालिका कार्यालय के भवन पर एक और मंजिल बनाना, पत्रकारों के लिये प्रेस क्लब की स्थापना हेतु बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कराना, पार्का एवं पोखरों का सुन्दरीकरण, पर्यावरण सुरक्षा की दृष्टि से बरसात में वृक्षारोपण, उ0प्र0 सरकार के नगर विकास मंत्रालय द्वारा आगामी 1 जून को लखनऊ में नवनिर्वाचित अध्यक्षों की कार्यशाला में अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर निकायों में आने वाली दिक्कतों से सरकार को अवगत कराना एवं निकायों में 74वां संविधान संशोधन पूर्ण रूप से लागू कराने की मांग के साथ ही उ0प्र0 में निकाय अध्यक्षों का एक प्रदेश स्तरीय संगठन बनाने हेतु प्रयास करना तथा बोर्ड की बैठक हेतु एजेण्डा एक सप्ताह के भीतर जारी कर दिये जाने आदि की विस्तृत जानकारी दी।


