डीएम का फोरलेन आफिस का औचक निरीक्षण, लेखपाल को निलम्बित करने का निर्देश
मऊ। जिलाधिकारी प्रकाश बिन्दु द्वारा विकास भवन स्थित एस0एल0ओ0 (फोरलेन) आफिस का वृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया गया। वहां पत्रावलियों को देखने के बाद ग्राम सभा अहिरानी बुजुर्ग के लेखपाल को निलम्बित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने वहां के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये कि जो भी शिकायतें प्राप्त होती हैं, उसका तिथिवार तथा माहवार सूची बनायें तथा क्या उसका डिस्पोजल हुआ दर्ज करायें। इस महत्वपूर्ण कार्यालय में पत्रावलियों के रख रखाव पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी और निर्देशित किया गया कि यदि पत्रावलियों के रख रखाव ठीक नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जायेगी।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा लेखपाल को निलम्बित करने के आदेश के बाद विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है।

