रीतिका बोरा की ‘डिजिटल मीडिया’ पर छात्रों के लिए नई किताब बेसिक ऑफ सोशल मीडिया एंड डिजिटल जर्नलिज्म
डिजिटल पत्रकारिता यानी आज की पत्रकारिता । मीडिया के छात्रों के बीच इस विषय के पठन-पाठन की बढ़ती मांग और आवश्यकता को देखते हुए अंग्रेजी में एक नई किताब प्रकाशित हुई है जिसका शीर्षक है – बेसिक ऑफ सोशल मीडिया एंड डिजिटल जर्नलिज्म । स्नातक और परास्नातक कक्षाओं के छात्रों के लिए इस किताब को लिखा है रीतिका बोरा ने जो विगत 5 वर्षों से डिजिटल पत्रकारिता, एडवरटाइजिंग, कॉरपोरेट कम्य़ुनिकेशन जैसे विषय पढ़ा रही हैं । उनके मुताबिक “पत्रकारिता के छात्रों में डिजिटल मीडिया को लेकर एक विशेष प्रकार का लगाव एवं उत्साह है और यह पुस्तक उनकी हर जिज्ञासा को शांत करने में सक्षम सिद्ध होगी ।“ रीतिका इस समय आईपी यूनिवर्सिटी से संबद्ध नोएडा के डीएमई मीडिया कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं ।
पुस्तक की विषय सूची विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम को कवर करने के साथ ही डिजिटल मार्केट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डालती है । इसमें डिजिटल संचार की अवधारणा और प्रक्रिया को छात्रों की जिज्ञासा के मुताबिक प्रस्तुत किया गया है एवं आवश्यकतानुसार चित्रों और सारणी का भी प्रयोग किया गया है । पुस्तक की विभिन्न अध्यायों के तहत सर्च इंजन, वेबसाइट्स, ई-प्लेटफॉर्म्स, ई-न्यूज पेपर, न्यूज पोर्ट्ल्स, सोशल मीडिया, कंटेंट राइटिंग, रिपोर्टिंग और एडिटिंग के बारे में विस्तार से सामग्री सम्मिलित की गई है । यह पुस्तक विशेष रूप से सीसीएस, आईपी, दिल्ली यूनीवर्सिटी के छात्रों के लिए विशेष लाभदायक सिद्ध होगी ।
पत्रकारिता एवं जनसंचार में अक्सर नये एवं अपारंपरिक विषयों पर पुस्तकों का अभाव पाया जाता है और यह नई किताब इसी दिशा में एक प्रयास है ताकि आज की डिजिटल दुनिया में पत्रकारिता के छात्र स्वयं को सहज महसूस कर सकें और आगे इस क्षेत्र में अपना सफल करियर सुनिश्चित कर सकें।

