5 दिन पूर्व बम विस्फोट में घायल, मऊ के सेना के जवान की उपचार के दौरान मौत

@ पवन कुमार पाण्डेय…
बुधवार को शव पंहुचेगा मऊ, राजकीय सम्मान के साथ मुक्तिधाम पर होगा अंतिम संस्कार
मधुबन/मऊ। बम विस्फोट में घायल सेना के जवान की जिंदगी और मौत से लड़ते लड़ते आखिर 5 दिन बाद मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर घर पर कोहराम मच गया। जवान का शव बुधवार की सुबह मऊ पंहुचेगा और मुक्ति धाम पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक मधुबन क्षेत्र के परसिया केशवपुर निवासी इंद्रदेव यादव के बड़े पुत्र राजीव यादव सन् 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। इनकी पत्नी प्रतिमा यादव मध्यप्रदेश के रीवा में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। इनका ढाई वर्ष का एक लड़का है जो मां के साथ रहता है । राजीव की पांच माह पूर्व कोलकाता से जम्मू के सतवारी में 72 फील्ड रेजिमेंट के आर्टीलरी में तैनाती हुई थी। बीते 12 जूलाई को ड्यूटी के दौरान बम विस्फोट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उधमपुर में इनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही 18 जूलाई की भोर में उनकी मौत हो गई है। सेना द्वारा राजकीय सम्मान के साथ जवान के शव को घर लाया जा रहा है। बुधवार की सुबह तक शव के घर पहुंचने की संभावना है। जवान की मौत से इकलौती बहन के साथ ही उसके पिता इंद्रदेव यादव, माता राधिका देवी और पत्नी प्रतिमा यादव बेसुध हो गई थी। वहीं सेना में ही पठानकोट में तैनात उसके छोटे भाई राहुल यादव भी घटना से आहत हैं। इससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है और लोग पथराई आंखों से वह जवान के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ जवान के शव का दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

