पत्नी को बहन, बेटी को भांजी, स्वयं को डिप्टी रेेंजर बता शादी के नाम पर किया यौन शोषण

गणेश जी वर्मा…
० शादी डॉट कॉम पर हुई मुलाकात, विधवा का रुपये भी हड़पा
लखनऊ। कलयुग के जमाने में कहीं भी कुछ भी हो सकता है। एक ऐसा ही मामला सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में आया। जहां एक जालसाज ने शादी डॉट कॉम पर अपना प्रोफाइल बनाकर एक विधवा महिला के साथ शादी का दावा किया वहीं अपनी पत्नी को बहन और अपनी बेटी को भांजी बताया। इसकी जानकारी होने पर महिला ने डीसीपी पूर्वी को शिकायती पत्र दिया। डीसीपी पूर्वी के आदेश पर इस मामले में सरोजनीनगर थाने में पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
कानपुर रोड कल्पना (काल्पनिक नाम) के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2006 में मई में गोला में हुई थी। एक बेटा होने के बाद पति की तबीयत खराब होने पर उनकी मौत वर्ष वर्ष 2014 में हो गई। इसके बाद कल्पना शिक्षण का कार्य कर अपना गुजारा करने लगी। इसी बीच पांच जनवरी 2019 को कल्पना का एक्सीडेंट हो गया। जहां उसके शुभ चिंतकों ने उसे और उसका ख्याल रखने के लिए शादी की सलाह दी। काफी समझाने पर तैयार हुई कल्पना ने शादी के लिए शादी डॉट कॉम पर 6,300 रुपये देकर रजिस्ट्रेशन कराया। जहां उसकी मुलाकात विनय मिश्रा निवासी बस्ती व सुल्तानपुर से हुई। विनय ने स्वयं को वन विभाग में डिप्टी रेंजर के पद पर तैनात बताया। विनय ने कल्पना को बताया कि जब वह 13 वर्ष का था तो उसके पिता की मौत हो चुकी थी। उसकी दो बहनें अलका मिश्रा व पूजा तिवारी है। विनय ने कल्पना को बताया कि अलका की एक बेटी अंशिका है जबकि उसकी अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका है। इसके बाद वह कल्पना से मिलता रहा। कल्पना ने भी विनय की बातों पर विश्वास कर लिया। इसके बाद विनय ने अपने जन्मदिन में कल्पना से तनिष्क की अंगूठी जहां खरीदवाई वहीं उससे लगभग किसी न किसी बहाने से डेढ़ लाख रुपये ले लिया। इसके साथ ही कल्पना के रिश्तेदारों से भी सम्पर्क कर लगभग तीन लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसके साथ शादी करने का झांसा देते हुए यौन संबंध बनाया। कल्पना जब भी शादी की बात करती तो विनय बहाना बनाकर टाल देता था। इसके अलावा वह कभी प्रयागराज तो कभी किसी और जिले में स्थानान्तरण की बात कर कल्पना को टहलाता रहता था।
कमरे पर पहुंची कल्पना तो खुला राज…
कल्पना ने बताया कि लगातार बहाना करने से उसे विनय की बातों पर शक हुआ। क्योंकि कल्पना के कई बार कहने के बाद भी विनय ने अपनी बहनों से नहीं मिलवाया था। कल्पना जब उसका पता कर उसके कमरे पर पहुंची तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पड़ोसियों ने बताया कि वह अपनी पत्नी अलका और अपनी 13 वर्ष की बेटी अंशिका के साथ रहता था। जबकि विनय ने कल्पना को अलको को बहन और अंशिका को भांजी बताया था।
कई लड़कियों ने कल्पना को किया फोन…
कल्पना के मुताबिक जब उसने सोशल मीडिया पर विनय और अपनी फाटो लगाई तो उसे लड़कियों और महिलाओं ने उसे कॉल कर कहा कि विनय का अब भी सोशल मीडिया पर प्रोफाइल है और वह अब भी शादी के लिए बात कर रहा है।
एसटीएफ ने भेजा है जेल…
कल्पना के मुताबिक विनय को एसटीएफ ने जेल भेजा है। 12 फरवरी को स्वयं एसटीएफ मेरे घर आई थी। जहां उसे जानकारी दी गई कि विनय बहुत बड़ा जालसाज है। उसकी कोई जॉब नहीं है।
पत्नी भी संलिप्त, देती है साथ…
कल्पना के मुताबिक जब वह विनय के कमरे पर पहुंची तो अलका वहां मौजूद थी। अलका से बातचीत करने पर लगा कि वह भी अपने पति के गलत कार्यों में साथ देती है। क्योंकि बात करके के दौरान वह स्वयं को उच्च अधिकारी की पत्नी बताती थी।
दो थानों के बीच काटती रही चक्कर…
कमिश्नरेट पुलिस बनने के बाद भी महिलाओं की क्या हालत है यह घटना स्वयं बयां कर रही है। कल्पना पहले सरोजनीनगर फिर बाद में गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में रहने लगी। इस मामले में जब उसने सरोजनीनगर थाने में शिकायत की तो वहां की पुलिस ने गोमतीनगर विस्तार थाने में जाकर शिकायत करने की बात कही। गोमतीनगर विस्तार थाने जाने पर वहां की पुलिस ने सरोजनीनगर थाने जाने की बात कही। इसके बाद उसने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। जहां डीसीपी ने इस मामले में गोमतीनगर विस्तार थाने को जांच के लिए कहा। जांच के बाद सरोजनीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

