ससुराल में दामाद ने पेड़ पर फंसरी लगा कर दी जान, बिजली विभाग में था SSO

रतनपुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के धरमागतपुर गांव में दामाद ने आम के पेड़ पर फांसी लगा कर के आत्महत्या कर लिया। यह दुखद घटना शनिवार के प्रातः 2:00 से 3:00 बजे के लगभग की बताई जा रही है।
मृतक सत्येंद्र यादव 30 वर्ष पुत्र स्वर्गीय बालचंद यादव बलिया जनपद के भीमपुरा थाना अंतर्गत सिहोरी ग्राम पंचायत का निवासी था, और वह देवरिया जनपद मुख्यालय स्थित 220 केवीए सब स्टेशन पर एसएसओ के पद पर कार्यरत था। उसकी ससुराल धरमागतपुर ग्राम पंचायत निवासी सहायक ब्रांच पोस्ट मास्टर जितेंद्र कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव के यहां था। उसकी शादी जितेंद्र यादव की बड़ी लड़की अनुराधा यादव से हुई थी। उसकी एक 2 वर्ष की पुत्री भी है। अनुराधा यादव स्वयं बीटीसी टीईटी उत्तीर्ण है। इस हादसे के बाद से सभी लोग सदमे में हैं।
बताया जाता है कि मृतक सत्येंद्र यादव होली के त्यौहार पर अपनी पत्नी अनुराधा यादव और 2 वर्षीय पुत्री सृष्टि यादव को अपनी ससुराल धरमागतपुर पहुंचा गया था और कहा गया था कि होली के बाद उसे लिवा कर ले जाएंगे। घटना से 1 दिन पूर्व उसने पत्नी को विदाई करा कर ले जाने की बात मोबाइल फोन पर कही थी, ससुराल वाले शुक्रवार के दिन उसकी दिन भर प्रतीक्षा किए। परंतु उसने फोन तो किया लेकिन सीधे ससुराल नहीं पहुंचा। समझा जाता है कि वह शुक्रवार की रात्रि 2:00 बजे के लगभग अपने गांव से स्कूटर लेकर के सीधे धरमागतपुर गांव पहुंचा और गांव के ही एक सेवानिवृत्त कानूनगो के नलकूप पर स्कूटर खड़ा करके उससे थोड़ी दूर पर स्थित एक आम के पेड़ पर नायलॉन की रस्सी की फंसरी बनाकर के लटक गया, जिससे उसके प्राण पखेरू उड़ गए। शनिवार की प्रात: काल सहायक ब्रांच पोस्ट मास्टर और मृतक के ससुर जितेंद्र कुमार यादव जब दिशा शौच करने के लिए बागीचे की तरफ गए तो वहां पर अपने दामाद का स्कूटर देख कर के सन्न रह गए, फिर जब उनका ध्यान पेड़ की तरफ गया तो अपने दामाद की लटकी हुई लाश देख कर के उनके होश उड़ गए। उन्होंने इस घटना की सूचना तत्काल यूपी 112 पुलिस को दी, मौके पर पुलिस पहुंच करके लाश को अपने कब्जे में ले लिया ,और उसे अंत्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। ससुराली जनों की सूचना पर मृतक के गांव सिहोरी से उसके परिवार के लोग भी आ गए, वे लोग लाश के साथ ही पोस्टमार्टम हाउस गए। घटना की लिखित सूचना जितेंद्र कुमार यादव के तरफ से हलधरपुर थाने को दे दी गई है। मृतक के परिवार वाले उसका स्कूटी अपने गांव ले गए। मृतक सत्येंद्र यादव की शादी अनुराधा यादव से 26 अप्रैल 2019 को हुई थी। बीते अक्टूबर माह में एक सड़क दुर्घटना में सत्येंद्र यादव को सिर में चोट लगी थी, जिसकी दवा चल रही थी।इसी चोट की वजह से वह कभी-कभी डिप्रेशन में चला जाता था। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। जबकि उसके दो भाई विदेश में रहते हैं।

