मऊ के भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में मूंग बीज का निःशुल्क वितरण प्रारम्भ

० 521 कृषकों का चयन
मऊ। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कुशमौर स्थित भारतीय बीज विज्ञान संस्थान के परिसर में अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती के लिए 521 कृषकों का चयन किया गया तथा मूंग बीज का निःशुल्क वितरण शुक्रवार को प्रारम्भ हुआ। साथ ही साथ कुदाल वितरण के लिए भी अनुसूचित जाति के 1000 कृषकों का पंजीकरण किया गया जिसके तहत कुदाल का निःशुल्क वितरण शीघ्र ही आरम्भ होगा। वितरण कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ संजय कुमार ने केंद्र सरकार की इस महत्त्वाकांक्षी योजना के महत्त्व व उपलब्धता पर प्रकाश डाला। योजना के प्रभारी डॉ अरविन्द नाथ सिंह ने ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती के लाभों से अवगत कराते हुए वितरित मूंग बीज के उपयोगों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि संस्थान के वैज्ञानिक इस योजना के अंतर्गत बोई गई मूंग का समय समय पर निरीक्षण भी करते रहेंगे तथा अनुसूचित जाति के जिन कृषकों का चयन नहीं हुआ वे आगामी वर्ष में इस योजना के अंर्तगत लाभान्वित होंगे। मूंग बीज व कुदाल वितरण कार्यक्रम में संस्थान के तकनीशियन विकास सिंह ने आवश्यक सहयोग किया।


