बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार?

बिहार की राजनीति का चर्चा इस समय दिल्ली के गलियारे में हो रही है। चर्चा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार आगामी राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हो सकते हैं। प्रशांत किशोर और नीतीश कुमार के बीच हुई मुलाकात के बाद इस बात के कयास शुरू हो गए हैं। हालांकि खुद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जब यह सवाल किया गया तो उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया। नीतीश ने साफ तौर पर कहा कि ऐसा तो कभी मेरे दिमाग में भी नहीं आया है। वह इसके बारे में सोचते भी नहीं हैं। पता नहीं लोग क्या क्या करते रहते हैं। कुछ भी बोलते रहते हैं। मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
हाल में ही दिल्ली में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से नीतीश कुमार की मुलाकात हुई थी। इसके बाद प्रशांत किशोर ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री चन्द्रशेखर राव से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि विपक्ष को एकजुट करने के लिए प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने का सुझाव दिया था जिस पर चंद्रशेखर ने हामी भर दी है। खबर तो यह भी चल रही है कि उत्तर प्रदेश चुनाव के बाद नीतीश कुमार भाजपा से अलग हो जाएंगे। नीतीश के राष्ट्रपति उम्मीदवार होने की खबर ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर से हलचल मचा दी है। एक ओर जहां भाजपा कोटे से बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद से जब यह सवाल पूछा गया तो कन्नी काटते नजर आए। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की जानकारी नहीं है।



