खास-मेहमान

उत्तर प्रदेश स्टेट मोमिन कॉन्फ्रेंस का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शोएब नोमानी का मऊ आगमन पर भव्य स्वागत

मऊ। ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़िरोज़ अहमद द्वारा पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. मौलाना हबीबुर्रहमान नोमानी के पुत्र इंजीनियर शोएब नोमानी को उत्तर प्रदेश स्टेट मोमिन कॉन्फ्रेंस का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद श्री नोमानी के मंगलवार को मऊ प्रथम आगमन पर लोगों ने फूल माला पहनाकर स्वागत व अभिनन्दन किया। अपने स्वागत से अभिभूत ई. शोएब नोमानी ने कहा कि मोमिन कॉन्फ्रेंस ने उन्हें जो बड़ी ज़िम्मेदारी दी है वे उत्तर प्रदेश स्टेट मोमिन कॉन्फ्रेंस के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते वे सदैव बुनकर और दस्तकार समाज के आवाज को बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे सरकार से मांग करते हैं कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों ने बुनकरों को बिजली पासबुक की सुविधा देकर फ्लैट रेट पर बिजली उपलब्ध कराई है उसे बरकरार रखते हुए इस कोरोना महामारी में बुनकरों के बकाया राशि को माफ कर उन्हें राहत देने का काम करे।


श्री नोमानी ने कहा कि जिस प्रकार किसान को खेतों में काम करते समय कोई दुर्घटना होने पर सरकार उनके परिवार को आर्थिक राहत देती है उसी प्रकार बुनकरों और दस्तकारों के साथ बुनाई व दस्तकारी करते समय दुर्घटना होने पर उनके भी परिवार को आर्थिक मदद दी जाए। साथ ही जिस प्रकार पिछली सरकारों ने बुनकरों और दस्तकारों के तैयार माल को अच्छे दाम पर खरीद कर और लिए गए माल पर सब्सिडी देकर बाज़ार में सरकार द्वारा संचालित यू0पी0 हैंडलूम, यूपिका आदि निगमों के माध्यम से बाज़ार में जिस तरह बेचवाया करती थी उसे पुनः बहाल करे।
श्री नोमानी ने बुनकरों और दस्तकारों के तैयार माल को अच्छे दाम में खरीद कर विदेशों में निर्यात को पुनः बहाल करने की मांग की।


कहा कि इतिहास गवाह है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में समाज के हर वर्ग के साथ साथ मुस्लिम समाज ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी समाज से आने वाले और मानव जाति के तन को ढकने वाले बुनकर समाज का योगदान भी सराहनीय रहा है। न सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन बल्कि देश के विकास में भी इस समाज का अहम योगदान रहा है। मुस्लिम समाज की आबादी का लगभग 60% हिस्सेदारी रखने वाला बुनकर एवं दस्तकार समाज ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस की कमेटी बनाकर उसके बैनर तले अपने हक के लिए सदैव खड़ा रहा है।

स्वागत करने वालों में हाजी मुश्ताक अहमद, शफ़ीक़ डाईमांड, ज़ुबैर नेता, कमरुल इस्लाम, सोहैल नोमानी, नसीम अहमद शमशेर, मोहमद हादी, फरहान सईद, फ़िरोज़ अख्तर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *