UP पुलिस ने पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को किया गिरफ्तार,

लखनऊ। सेवानिवृत्त आईपीएस अमिताभ ठाकुर को हजरतगंज पुलिस ने उनके आवास से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें जबरदस्ती गिरफ्तार कर ले गई है, जबकि उनके ऊपर लगे आरोप उनको मीडिया के द्वारा पता चला। कहा कि सरकार जान बूझकर उन्हें परेशान कर रही है। पुलिस ने उनके खिलाफ हजरतगंज थाने में शुक्रवार दोपहर को मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें आरोप है कि उन्होंने सांसद अतुल राय पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता प्रिया राय को खुदकुशी के लिए उकसाया है। इसकी साजिश रची है। मुकदमा एसएसआई दयाशंकर द्विवेदी की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने व नई राजनैतिक दल बनाने की घोषणा करने के बाद अमिताभ ठाकुर को 21 अगस्त से हाउस अरेस्ट कर दिया गया था। जिससे वह गोरखपुर और अयोध्या के दौरे पर नहीं जा पाए थे।
अमिताभ ठाकुर पर दुष्कर्म के आरोपी बसपा के घोसी सांसद अतुल राय का सहयोग करने का आरोप है। दुष्कर्म पीड़िता और उसके दोस्त मुकदमें के गवाह सत्यम राय ने सुप्रीम कोर्ट के बाहर 16 अगस्त को वीडियो बनाया। जिसमें अमिताभ ठाकुर सहित कई पर आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों ने आत्मदाह कर लिया जिनकी बाद में मौत हो गई।

