गुमशुदा बालक का चौथे दिन तमसा नदी में उतराया मिला शव
( फ़तेह बहादुर गुप्त )
रतनपुरा /मऊ। रविवार के दिन से ही गायब किशोर का शव बुधवार को प्रातः गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद थाना अंतर्गत अवरापुर गांव के तमसा नदी से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया ।हलधरपुर थाने की पुलिस और कासिमाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची ,और शव को अपने कब्जे में लेकर हलधरपुर थाने ले आई। जहां से शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। हलधरपुर थाना अंतर्गत नगवा ग्राम पंचायत निवासी झिलमीट साहनीका सबसे छोटा पुत्र आकाश साहनी 18 वर्ष रतनपुरा नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज में बारहवीं कक्षा का विद्यार्थी था। 13 जून रविवार को सायं 4:00 बजे उसके मोबाइल पर किसी की कॉल आई ,और 1 घंटे तक उसने मोबाइल पर वार्तालाप किया । वार्तालाप के बाद अपनी मोबाइल और साइकिल लेकर गांव के दक्षिणी रास्ते से होते हुए ठैचा चट्टी पर पहुंचा ।वहां कुछ देर बैठा रहा। इसके बाद वह कहां गया इस बात के किसी को कोई जानकारी नहीं है। जब देर रात तक वह घर वापस नहीं पहुंचा, तो परिजन काफी परेशान हाल हो गए, और उसकी तलाश शुरू किए । सारे रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई। लेकिन कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने मंगलवार को हलधरपुर थाने में आकाश के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई ।बुधवार की प्रात गाजीपुर जनपद के अवरापुर गांव के पास एक साधु नदी में प्रातः काल गए ,तो उन्होंने एक युवक का शव नदी में उतराया हुआ पाया ।साधु ने नदी में युवक का पार्थिव शरीर पाए जाने की सूचना अपने गांव के मल्लाह बस्ती में दी ।अवरापुर बस्ती में मृतक के पिता झिलमिल साहनी की रिश्तेदारी भी है। रिश्तेदार उसकी गुमशुदगी के बारे में जानते थे। आकाश रविवार से ही गायब है । सूचना पाते ही पहुंचे मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए,और उन्होंने लाश की शिनाख्त की ।लाश की सूचना पर कासिमाबाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। परंतु युवक के गुमशुदगी की रिपोर्ट हलधरपुर थाने में दर्ज होने के नाते उसने हलधरपुर पुलिस को आगे की कार्यवाही करने हेतु कहा। इधर सूचना के बाद रतनपुरा आउटपोस्ट पुलिस चौकी प्रभारी गंगासागर मिश्र आवश्यक कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम हेतु मऊ जनपद मुख्यालय भेज दिया गया। इस घटना से संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लेकिन युवक के पार्थिव शरीर को देखने से ऐसा प्रतीत होता था कि उसकी हत्या की गई है। परिजन भी हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रहे हैं। क्योंकि उसकी जीभ निकली हुई है ,और गले पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं । पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। युवक पांच भाइयों में सबसे छोटा था। बुद्धिराम, झारखंडी, पवन, राधेश्याम उर्फ जुगनू तथा मृतक आकाश साहनी 18 वर्ष है। तीसरे नंबर के भाई राधेश्याम की शादी अभी पिछले महीने 27 मई को हुई थी। परिवार में खुशी का वातावरण था। परंतु आकाश साहनी की आकस्मिक मौत ने पूरे परिवार को विचलित कर दिया । मृतक के पिता झिलमिल साहनी ,माता कौशल्या देवी तथा भाइयों का रोते-रोते बुरा हाल है। सभी का कहना है कि युवक काफी मिलनसार और सीधे साधे स्वभाव का था। घटना कैसे घटित हो गई, यह सब के समझ से परे है। वैसे इस घटनाक्रम को लेकर जितने मुंह उतनी तरह की बातें सुनी जा रही हैं। पुलिस अथवा परिजनों को मृतक की मोबाइल और साइकिल अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। परंतु मृतक की जेब से साइकिल की चाबी बरामद हुई है। पुलिस को उसके मोबाइल के जरिए इस कथित तथा संदेहास्पद हत्या का पर्दाफाश हो सकता है।

