अपना जिला

ध्यान दें फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें CMO ने लोगों से की अपील

◆ लू लगने से भी, आता है बुखार

मऊ। कोविड-19 के फिर लगातार बढ़ते संक्रमण के खतरे के साथ ही बदलते मौसम और लू के प्रकोप से मरीजों की संख्या बढ़ रही है । ऐसे कोरोना के साथ-साथ बदलते मौसम व गरम हवाओं से बचने की बेहद आवश्यकता है । मऊ जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है और लोगों से सतर्क व बचाव की अपील भी की है । चिकित्सालय समेत सभी पीएचसी व सीएचसी में दवायें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के लिये निर्देश दे दिये गए हैं ।

सीएमओ डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि गर्मी में लू, हीट स्ट्रोक पानी की कमी या डिहाइड्रेशन, बुखार या पेट की बीमारियां जैसी समस्याएं होने की अधिक संभावना होती है।
यह तेज़ धूप की वजह से होती है। चक्कर आना, उलटी आना, बुखार आदि हो सकता है।
ऐसे मौसम में स्वास्थ्य का ख्याल रखना बहुत ज़रूरी है। इससे बचने के लिए धूप में जितना हो सके कम जायें और अगर बाहर जाना पड़े तो सिर ढक कर ही बाहर निकलें। ज्यादा से ज्यादा पानी पियें, लस्सी, छाछ या आम पन्ना का सेवन भी इस रोग से बचाने में कारगर है। अगर समय रहते इसका का उपचार न किया जाये तो लू लगने के परिणाम नुकसानदेह हो सकते हैं। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि लोगों से अपील करें कि गर्मी में प्याज, पुदीना, मठ्ठा एवं हरी सब्जियों का सेवन अधिक मात्रा में करें। खान-पान पर विशेष ध्यान दें।

सीएमओ ने बताया कि टायफाइड एक ऐसी बीमारी है जो गर्मी के मौसम में अधिक होती है। इस बीमारी में लगातार बुखार रहना, भूख कम लगना, उल्टी होना रक्तचाप कम हो जाना, और खांसी-जुकाम हो जाता है। इससे बचने के लिए गन्दा पानी व गंदे खाने की चीज़ों से दूर रहें। कुछ भी खाने पीने से पहले हाथों को अच्छी तरह से जरूर धोएं। तरल पदार्थो का अधिक सेवन करें और आसपास साफ़-सफाई रखें। इस तरह की किसी भी प्रकार का समस्या होने पर जनपद के जिला पुरुष और महिला अस्पताल के साथ सभी सीएचसी और पीएचसी केन्द्रों पर इसकी जाँच और चिकित्सा नि:शुल्क उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *