नगर में विशेष अभियान चलाकर किया जा रहा है मच्छर मार दवाओं का छिड़काव : पालकी
मऊ। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अन्तर्गत संचारी रोगों जैसे,- डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार और करोना आदि से बचाव हेतु नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाकर नगर के प्रत्येक नालियों की सफाई कर मैलेथियान, ब्लीचिंग, मच्छर मार दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। उक्त बाते पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने नगर क्षेत्र स्थित वार्ड नं0 10 मुहल्ला बल्लीपुरा में श्री त्रिलोकी प्रसाद अग्रवाल से जगदीश प्रसाद अग्रवाल तक लगभग 9.74 लाख रुपये की लागत से निर्मित हुए नाली/नाली मरम्मत, आर0सी0सी0 पटिया व रबर मोल्डेड इण्टरलाकिंग कार्य के लोकार्पण के अवसर पर कही। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि 01 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अन्तर्गत पालिका द्वारा लोगो को संचारी रोग जैसेः- डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार और करोना आदि के बारे में जागरुक करने के साथ ही जल जमाव वाले स्थानों/नालियों की सफाई कर दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में श्री पालकी ने अवाम से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने अवाम को प्रेरणा देते हुये कहा कि हमें सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिये क्यों कि गन्दगी से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है, जिस के लिये नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई से हमारा स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है एवं साफ-सुथरे व कुशल समाज की स्थापना होती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ्य व्यक्ति ही समाज के निर्माण में अपना उत्तम योगदान दे सकता है। इस लिये भी हमें सफाई पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित रखने की अति आवश्यकता है। पालिकाध्यक्ष ने नगरवासियों से कहा कि सफाई के प्रति सचेत रहकर आप अपने घरों से सूखे व गीले कूड़ों को अलग-अलग एकत्र करंे, नालियों में कूड़ा करकट न फेंके ऐसा करने से नाली जाम हो जाती है जिससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न होती है, अपने घरों से कूड़ा समय से निकालें, दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें और घरों से निकलने वाला कूड़ा पालिका सफाई कर्मियों के हवाले कर दें। श्री पालकी ने अपने निवेदन मे कहा कि पालिका द्वारा कूड़ा उठा लिये जाने के बाद दोबारा कूड़ा बाहर न निकालें क्यों कि इससे पहले की जा चुकी सफाई पर बुरा प्रभाव पड़ता है जो हमारे स्वास्थ्य के लिये भी हानिकारक है। लोकार्पण के समय मनोनित सभासद प्रवीण कृष्ण अग्रवाल व क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सभासदगण प्रवीण कृष्ण अग्रवाल, सतीश वर्मा, नुपुर अग्रवाल, अरशद बशर, विनोद मौर्या, राहुल उपाध्याय, अरविन्द मौर्या, अंकित मौर्या, सीता देवी, फुलमती देवी, बेबी सिंह, निशा देवी, आशा देवी, राकेश, कलीम आदि के इलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


