मऊ में सुस्त पड़ रही कोरोना संक्रमितों की रफ्तार
मऊ जिले वासियों के लिए अच्छी खबर ये है कि यहां कोरोना संक्रमितों की रफ्तार सुस्त पड़ी रही है और ऐसे ही जारी रहा तो जल्द ही मऊ कोरोना को काबू करने में कामयाब हो जाएगा. संक्रमितों की पहचान के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और जांच में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आ रही है.
शुक्रवार को एंटीजन से कुल 1286 लोगों की जांच और 540 की रिपोर्ट लैब से प्राप्त हुई जिसमें केवल 10 मरीज ही कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. हालांकि दुख की बात ये है कि एक महिला की मौत की खबर भी सामने आई है.
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को हुई जांच में एंटीजन से 09 और लैब से आई रिपोर्ट में 01 संक्रमित मिला है।
जिन मरीजों की पहचान हुई है उन सभी लोगों को होम आइसोलेशन के साथ बापू आयुर्वेदिक एल-1 अस्पताल में भर्ती कराने के साथ टीम कांटेक्ट ट्रेसिग में जुट गई है
संक्रमित मिले लोगों में ताजोपुर से तीन, सीएचसी रानीपुर का एक कर्मचारी, खलीसा से एक, रेलवे स्टेशन मऊ से एक, तथा रतनपुरा से एक, सोमारीडीह से एक, बगली से एक और मऊ शहर से एक है।

