इन्द्र प्रताप सिंह ने लगाई उप्र सहकारिता ग्राम विकास बैंक के अध्यक्ष पद की हैट्रिक
बिल्थरारोड / बलिया। उत्तर प्रदेश सहकारिता ग्राम विकास बैंक का मंगलवार को सम्पन्न चुनाव में सपा समर्थित निर्दल प्रत्याशी ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 232 मतो से हराकर तीसरी बार विजय प्राप्त की। चुनाव को लेकर सीयर क्षेत्र पंचायत में सुबह से ही गहमागहमी जारी थी। सपा समर्थित निवर्तमान अध्यक्ष व भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।
उप्र सहकारिता ग्राम विकास बैंक बिल्थरारोड का चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हो गया। चुनाव में कुल 524 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष इंद्रप्रताप सिंह इन्नू ने 375 मत पाकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी दयानंद वर्मा (143 मत) को 265 मतो से हरा दिया। इसमें 5 मत को अवैध करार दिया गया। चुनाव को लेकर भाजपा व सपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। सुबह से ही भाजपा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों का जमावड़ा जहां वोटरों को अपनी तरफ आकर्षित करने में लगा हुआ था तो वहीं सपा के ब्लाक प्रमुख विनय प्रकाश अंचल पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं आद्याशंकर यादव, जनार्दन यादव, बब्बन यादव आदि के साथ चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए जोर लगाए हुए थे। अंत में अपने शानदार रणनीति के चलते निवर्तमान अध्यक्ष भाजपा समर्थित प्रत्याशी पर भारी पड़े। मतगणना के समय भाजपा समर्थित प्रत्याशी के वहां मौजूद न रहने से मतगणना को लेकर अधिकारी असमंजस में दिखे। बाद में अपने उच्चाधिकारियों से बातचीत कर एसडीएम ने मतगणना का कार्य शुरू कराया। इस दौरान बिल्थरा रोड एसडीएम संतलाल, सीओ रसड़ा के पी सिंह, सीओ सिकंदरपुर पवन कुमार, तहसीलदार जितेंद्र सिंह, बीडीओ रामाश्रय, एसएचओ उभांव व भीमपुरा योगेंद्र बहादुर सिंह व शिव मिलन के साथ ही एक प्लाटून पीएससी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।

