पुस्तैनी भूमि पर एसडीएम कोर्ट से स्टे के बावजूद भी चल रहा निर्माण कार्य
◆ पत्रकार व भाजपा विधायक के पूर्व प्रतिनिधि की भी नहीं सुन रही पुलिस

बिल्थरा रोड (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी पत्रकार व वर्तमान विधायक के पूर्व प्रतिनिधि अशोक जायसवाल डाकबंगला मार्ग स्थित अपने पुस्तैनी मकान में एक तिहाई हिस्से के लिए पुलिस की गणेश परिक्रमा को मजबूर हैं। मकान में पिता के तीन भाइयों के हिस्से के बावजूद विपक्षी उन्हें बेदखल कर निर्माण कार्य को अंजाम देने में जुटे हुए हैं। बंटवारे को लेकर एसडीएम कोर्ट द्वारा की गई 144 की कार्रवाई के बाद भी पुलिस निर्माण कार्य रोकने से कतरा रही है। शनिवार को उभांव पुलिस को अवगत कराने के बाद भी देर शाम निर्माण कार्य जारी रहा।
बिल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 में स्व० लक्ष्मी शंकर जायसवाल का मकान है। उनके तीन पुत्रों स्वर्गीय मुन्नीलाल, स्वर्गीय पन्नालाल व स्वर्गीय बिहारी लाल का परिवार वर्षों से उक्त मकान में रहता चला रहा है। मकान का बटवारा नहीं होने के चलते पूर्व में जो जहां रहता था वैसे ही रह रहा था। एक पखवाड़ा पूर्व लॉकडाउन के दौरान स्व० मुन्नी लाल व स्व० बिहारी लाल के पुत्रों ने आपस में समझौता कर मकान के अगले हिस्से पर अपना पूरा अधिकार जमाते हुए उसे दो हिस्सों में बांटकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जब इसका विरोध तीसरे पक्ष स्व० पन्नालाल के पुत्र द्वारा किया गया तो उन्होंने उनको आगे हिस्सा देने से साफ इंकार कर दिया। उनके इस अप्रत्याशित व्यवहार से दुखी होकर तीसरे पक्ष स्व० पन्नालाल के पुत्र द्वारा सीयर पुलिस चौकी व 112 नम्बर पर फोन कर दिया गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवा कर सभी पक्षों को पुलिस चौकी पर बुलाया । जहां बात न बनने की दशा में तीसरे पक्ष अशोक जायसवाल पुत्र स्व० पन्नालाल द्वारा एसडीएम कोर्ट से दफा 144 जा०फौ० के तहत स्टे की कार्रवाई की गई। इस बीच विपक्षियों द्वारा पांच दिन पूर्व पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। जिसकी सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा कर आगे इसकी पुनरावृति न करने की चेतावनी दी। बावजूद शनिवार को लाकडाऊन के दौरान एक पक्ष द्वारा पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इसकी सूचना पत्रकार द्वारा एसएचओ उभांव को दी गई परन्तु आश्वासन के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तथा एसडीएम कोर्ट के दफा 144 के तहत स्टे के बाद भी पूरे दिन निर्माण कार्य जारी रहा।

