अपना जिला

एसडीएम ने वैश्विक महामारी को लेकर कर्मचारियों को किया निर्देशित

मुहम्मदाबाद गोहना/मऊ। देश में बढ़ रहे कोरोना वायरस/ कोविड-19 के रोकथाम के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो चला है। रविवार को मोहम्मदाबाद गोहना तहसील सभागार में एस डी एम डॉक्टर सी एल सोनकर की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में बाहर से आ रहे प्रवासी मजदूरों के रखरखाव एवं देखभाल हेतु स्थानीय तहसील क्षेत्र में बनाए गए कुल 27 क्वॉरटाइन सेंटर पर बाहर से आने वाले मजदूरों की देखभाल करने वाले प्रभारियों, पुलिसकर्मियों नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारीयो,खंड शिक्षाधिकारी, लेखपाल, कानूनगो आदि तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि अब बाहर से आने वाले मजदूरों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिसके लिए तहसील क्षेत्र में विभिन्न प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों तथा अन्य स्थानों को क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। जहां पर इन्हें 14 से लेकर कई दिनों तक होम क्वॉरेंटाइन किया जाएगा। इसलिए आप सभी लोग अपनी अपनी कमर कस लें,क्यो कि अभी तक मऊ जिले में कुल 4 कोरोना पॉजिटिव का आगमन हो चुका है। यदि इसी तरह संक्रमण बढ़ता रहा तो आगे चलकर और भी समस्या बढ़ सकती है। इसके लिए हम पहले से ही अपनी अपनी कमान संभाल कर मुस्तैद हो जाएं। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मदाबाद गोहना नंदलाल, तहसीलदार संजीव कुमार यादव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉक्टर ए पी सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पांडेय,अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत समेत तहसील स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *