जरूरतमंदों की मदद को दवा वेलफेयर एसोसिएशन ने जारी किया हेल्पर नंबर
मऊ। कोरोना वायरस के चलते समूचे देश के साथ ही मऊ जनपद में चल रहे लॉक डाउन से गरीब और जरूरतमंदों को काफी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। जिनकी मदद के लिए जनपद मुख्यालय स्थित दवा वेलफेयर एसोसिएशन ने आगे बढ़कर सहयोग का वादा ही नहीं बल्कि हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया। एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि नगर में कोई भी गरीब व जरूरतमंद भूखा नहीं सोएगा। इसके साथ ही अन्य तरह की जरूरतों को भी पूरा करने का भरपूर प्रयास किया जाएगा।
जानकारी देते हुए एसोसिएशन अध्यक्ष शिवजी राय ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर एसोसिएशन की बैठक कृष्णा मार्केट में संपन्न हुई। सोशल डिस्टेंस के चलते कोर कमेटी की बैठक में कुछ लोग ही उपस्थित हो सके। शेष लोगों से दूर संचार के माध्यम से विचार विमर्श किये गए। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि कोरोना वायरस की महामारी से त्रस्त समूचा विश्व आज महामारी से निजात की जुगत में है। जिसके लिए लाक डाउन ही अभी तक एक मात्र उपाय मिल सका है। जिसका सबसे अधिक दिक्कत उन परिवारों को हो रही है जिन्हें रोज अपनी रोटी रोजी की जुगाड़ के लिए झंझावात करना पड़ता था। उनके सामने कोई रास्ता नहीं बचा। “बाहर निकले तो कोरोना से मरने का डर, घर में रहे तो भूखों मरने का डर” ऐसे ही लोगों की मदद के लिए दवा वेलफेयर एसोसिएशन ने कमर कस ली है। एसोसिएशन ने एकमत राय होकर निर्णय लिया कि नगर में गरीब व भूखे लोगों को चिन्हित कर भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही दवा इत्यादि की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी इसके साथ ही एक हेल्प लाइन मोबाइल नम्बर 9919255222 व 9919953222 जारी कर लोगों से अभावग्रस्त लोगों के नाम पते भी मांगे गए।
इस बैठक में महामंत्री प्रवीण पांडेय, कोषाध्यक्ष गौरी प्रसाद, मुकेश राय, रवि सिंह, अनुराग राय, अनिल प्रजापति इत्यादि मौजूद रहे।

