कोरोना के विरुद्ध जंग में हर कदम साथ रहेंगे व्यापारी : राकेश
मऊ। विश्व में एक खतरनाक महामारी के रूप में आई कोरोना वायरस के विरुद्ध इस जंग में जनपद के व्यापारी सरकार के हर कदम के साथ रहेंगे। उपरोक्त बातें प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी ने कहा। प्रधानमंत्री के जनता कर्फ्यू के समर्थन में संगठन द्वारा जनपद में पूर्ण बन्दी का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मेडिकल व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों व अन्य प्रमुख दुकानदारों के किसी भी प्रकार के कालाबाजारी का विरोध करते हुए उनसे व्यवसाय में ईमानदारी का परिचय देने को कहा गया। व्यापारियों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहाकि कोरोना जैसी महामारी समूचे विश्व के साथ साथ हमारे भारत में भी अपने पांव पसार चुकी है। इसी क्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आगामी 22 मार्च को भारत में जनता कर्फ्यू लगाने की घोषणा किया है। इस घोषणा का प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल स्वागत तथा पूर्ण रूप से से समर्थन करता है। 22 मार्च दिन रविवार को सभी दुकाने एवं प्रतिष्ठान बंद रहेंगे आप सभी व्यापारियों सी विनम्र निवेदन है कि इस जनहित के कार्य में अपना सहयोग करें।
गौरतलब हो कि इस समय सैनिटाइजर व मास्क के दामों को लेकर एक अफवाह सी उड़ चुकी है कि दुकानदारों द्वारा उसे कालाबाजारी किया जा रहा है। इसके निमित्त उन्होंने संबंधित व्यवसायियों से कहा कि ऐसे किसी भी प्रकार का कार्य में संगठन आपका साथ नहीं देगा, यह पूर्णतया घृणित है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

