गायत्री परिवार द्वारा चलाया जा रहा वृक्ष गंगा अभियान एक महान योजना है- एआरएम
बिल्थरारोड /बलिया। स्थानीय बस स्टेशन परिसर में गुरुवार को गायत्री परिवार द्वारा वृक्ष गंगा अभियान के तहत सूर्य ग्रहण के बाद हरिशंकरी (बरगद,पीपल व पाकड़) का वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान वाराणसी में आयोजित प्रांतीय योग्यता कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने का आह्वान किया गया।
पौधरोपण के पश्चात स्थानीय डिपो के एआरएम परशुराम पांडेय ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से जूझ रहे समूचे विश्व में पौधरोपण करना परम पुनीत कार्य है। पेड़ पौधे कार्बन डाइऑक्साइड गैस अवशोषित करते हैं एवं प्राण वायु ऑक्सीजन छोड़ते हैं। यह हमारे लिए फल, फूल,अनाज, औषधि आदि प्रदान करते हैं। गायत्री परिवार द्वारा चलाया जा रहा वृक्ष गंगा अभियान एक महान योजना है। कहा कि पेड़ पौधे धरती माता के श्रृंगार हैं। हमारा जीवन पेड़ पौधों पर ही निर्भर है। अगर पेड़ पौधे नहीं रहेंगे तो हमारा जीवन भी नहीं रहेगा। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहन प्रसाद मद्धेशिया व सुरेश पटेल ने शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में वाराणसी में आयोजित प्रांतीय योग्यता कार्यक्रम के लिए लोगों को जागरूक किया एवं युवाओं के उज्जवल भविष्य एवं राष्ट्र के नव निर्माण के लिए इस कार्यक्रम में भागीदारी की अपील की। इस अवसर विपिन बिहारी, रामेश्वर त्रिपाठी, श्यामजीत, दीपांशु, भीम सिंह, वीर बहादुर पीआरडी, राम अवतार पीआरडी, ज्ञानचंद गुप्ता, चुन्नू अहमद आदि उपस्थित रहे।

