चर्चा में

राज्यपाल आनन्दी बेन से मिली बसपा प्रमुख मायावती, बोली यूपी का हालात बुरा

लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। सुश्री मायावती ने मुलाकात के बाद अपने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से कहा कि उत्तर प्रदेश में आए दिन हर प्रकार के अपराधों के साथ – साथ खासकर महिला उत्पीड़न , बलात्कार व हत्या आदि की दिल को दहलाने वाली घटनायें घटित होने के कारण लोगों में काफी चिन्तायें व आशंकायें व्याप्त हैं। जिस कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित है । इतना ही नहीं बल्कि न्याय की तलाश में प्रयासरत पीड़ित महिलाओं की हत्या करने व उन्हें जिन्दा जलाने आदि की दर्दनाक घटनाओं ने सभी को झकझोर के रख दिया है और इसी का परिणाम है कि तेलंगाना में महिला डाक्टर की रेप व मर्डर के आरोपियों को जब पुलिस ने मार दिया तो नहीं चाहते हुए भी उसकी सराहना करने को लोग मजबूर हुये। उत्तर प्रदेश पुलिस के दावे और आँकड़े अपनी जगह है लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न, शोषण, बलात्कार व हत्या आदि की घटनाओं से पूरा समाज उद्वेलित है, क्योंकि वे देख रहे हैं कि यू . पी . का पुलिस व प्रशासन अपराधियों को हर प्रकार संरक्षण दे रहा है तथा आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के बजाए उनकी आवभगत ही करता रहता है । स्थिति काफी विषम है तथा यू . पी . इन गलत कारणों से देश व दुनियां में काफी बदनाम हो रहा है । यू . पी . में कानून द्वारा कानून का राज स्थापित करने की सख्त जरूरत है ताकि प्रदेश की जनता को घोर अराजकता के जीवन से बचाया जा सके । एक महिला होने के नाते मैं काफी ज्यादा चिन्तित हूँ और आपसे अनुरोध है कि राज्य की संवैधानिक प्रमुख होने के साथ – साथ एक महिला होने के नाते आप यहाँ की जनचिन्ता का उचित संज्ञान लेकर इनके प्रति राज्य सरकार को सचेत करें तथा खासकर अपराध नियंत्रण व कानून – व्यवस्था को व्यापक जनहित में सामान्य बनाने के लिए यथाशीघ्र जो भी संभव है जरूर संवैधानिक दखल व पहल करें यूपी को आज इसकी सख्त जरूरत आ पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *