डीएम साहब प्लीज, लापरवाह अफसरों को सुधारिए, 20 दिन से बिजली नहीं है
मऊ। शासन भले ही जनता को सुख सुविधा देने के लिए तमाम तरह का प्रयास या वादा करे लेकिन मऊ जनपद की विद्युत प्रशासन के जिम्मेदार आला अफसर अपने ही सरकार के फरमान को मुंह चिढ़ा रहे हैं। मऊ नगर के मुख्यालय सदर चौक के आस पास मुहल्लों की बिजली लगभग 22 दिनों से ट्रान्सफार्मर जलने से अस्त व्यस्त चल रही है। 15 दिन बाद ट्रान्सफार्मर लगा भी तो वह 17 जुलाई को पुनः जल गया और मात्र 02 दिन बिजली मिल सकी।
शहर के व्यस्त व घनी आबादी में एक हजार से ज्यादा दुकान एवं सैकड़ों घरों के हजारों लोग प्रभावित हैं लेकिन शहर के हृदय स्थली में बसने वाले इन नगर वासियों व दुकानदारों का कोई पूछनहार नहीं है।
बताते चलें कि सदर चौक स्थित रौजा पर लगा ट्रांसफार्मर काफी दिनों से जला हुआ है। इसके वजह से रौजा, नयापुरा, इब्राहिम पुरा, श्याम मार्केट बाबा गली, संगम गली, रौजा, फैज ए आम मार्केट, सदर चौक, रेशमी गली इसके अलावा बंधे का ट्रांसफार्मर 18 जुलाई को जल गया जिससे मलिक टोला, मलिक ताहिर पुरा, बाबा गली आदि मुहल्ले की बिजली बाधित है।
ट्रांसफार्मर कई दिन बाद बना भी लेकिन उसके बावजूद 2 दिन के बाद पुनः ट्रांसफार्मर जल गया एवं नगर के निवासी बिजली विभाग के इस रवैए से दुखी तो हैं ही इस भीषण गर्मी में पानी हवा और उजाले के लिए दर-दर को तरसने के लिए मजबूर हैं। सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात यह है कि इस गम्भीर समस्या पर न तो कोई नेता बोल रहा है और न ही जनप्रतिनिधि।
सभासद व साड़ी व्यवसायी अजहर फैजी ने कहा कि विद्युत प्रशासन इस गंभीर समस्या के प्रति लापरवाह बना हुआ है। जनता पानी के लिए तरस रही है लेकिन बिजली विभाग के सिर पर जू नहीं रेंग रहा है।
सुनील चौरसिया का कहना है कि प्रशासन को अविलम्ब बिजली बहाल करना चाहिए। पूर्व सभासद व व्यवसायी जमाल अर्पण ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी जनता के साथ नाइंसाफ़ी कर रहे हैं। जिलाधिकारी को इस मामले में हस्तक्षेप कर अवाम की सुविधा को बहाल कराना चाहिए।
एक स्वर में जावेद तरफदार, शमशाद अहमद, अहमद, विजय तुलस्यान, रमेश मौर्य, हाजी मुख्तार अहमद, इश्तियाक अहमद, साजिद अनवर, मोहम्मद साजिद, सभासद अत्ताउल्लाह, सभासद नौशाद, ओबैदुर रहमान, श्रीनाथ , सोनू मौर्य, सुभाष यादव, सुभाष मौर्य, सुभाष कनौजिया, पंकज जैन आदि जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि वे विद्युत विभाग के कार्य शैली की जांच कराते हुए नगर वासियों को विद्युत की समस्या से निजात दिलाने का कष्ट करे।
जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने आश्वासन दिया है कि बिजली व्यवस्था को दो दिन में ठीक करा लिया जाएगा।
इनसेट…
रौजा पर तीन ट्रांसफार्मर लगाए गये हैं। उसमें से सिर्फ एक जला है लेकिन बिजली विभाग ने 2 अन्य ट्रांसफार्मर को भी बंद कर रखा है जिसकी वजह से जिस मोहल्ले में पानी या बिजली की सप्लाई दी जा सकती है वह भी बाधित है।

