राज्यसभा सांसद ने संसद में उठायी आजमगढ़ होते हुए सुरेमनपुर तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग
■ नई रेल लाइन के बिछने से पूर्वांचल के उत्तरी छोर की जनता के विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का किया दावा
बिल्थरारोड/बलिया। राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर ने संसद के शून्य प्रहर में पूर्वांचल के पिछड़ेपन का जिक्र करते हुए आजमगढ़ से सुरेमनपुर तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग की। सांसद ने कहा कि रेल लाइन बिछने से जहां इस क्षेत्र के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे वहीं उनके लिए महानगरों में आने जाने का रास्ता भी सुगम होगा। पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा भी बिल्थरारोड से लगायत बकुल्हाघाट तक रेल लाइन बिछाने की घोषणा पूर्व में की जा चुकी है। बाद में उनकी यह घोषणा ठंढे बस्ते में सिमट कर रह गई थी।
उन्होने संसद में अपनी बात रखते हुए कहा कि पूर्वांचल के दक्षिणी छोर पर आजमगढ़, मऊ व बलिया पर रेल लाइन होने के कारण उत्तरी क्षेत्र की जनता को ट्रेन पकड़ने के लिए 50 से 100 किमी तक की दूरी तय करना पड़ता है। जिससे उनका समय व धन दोनो खर्च होते हैं। इस क्षेत्र की जनता वर्षों से उपेक्षित व विकास की मुख्यधारा से अपने को दूर महसूस करती है। यह स्थिति तब और भयावह हो जाती है ज बवह किसी बीमार, वृद्ध व गर्भवती स़्त्री को
बेहतर उपचार के लिए रेल के माध्यम से महानगर में ले जाने का प्रयास करता है। राज्यसभा सांसद ने पूर्वांचल के इस क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने व इनके विकास के लिए आजमगढ़ से सगडी, जीयनपुर-दोहरीघाट, मधुबन,
बिल्थरारोड, सिकन्दरपुर, मनियर, बांसडीह, सहतवार, बैरिया, बकुल्हाघाट व सुरेमनपुर तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग की। उधर सांसद के इस मांग से
लोगों में हर्ष है। नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्त ने इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि निश्चित रूप से नई रेल लाइन बिछने से पूर्वांचल के विकास में एक नया आयाम स्थापित होगा।


