अपना जिलाचर्चा में

मायावती का ट्विट, बसपा को बदनाम करने के लिए भाजपा खेल रही घिनौना खेल

(आनन्द कुमार)

मऊ। घोसी लोकसभा के बहुजन समाज पार्टी व गठबंधन दल सपा, रालोद के प्रत्याशी अतुल कुमार सिंह (अतुल राय) पर लगाए गए एक युवती द्वारा  आरोप को लेकर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ट्विट करके, अपने घोसी लोकसभा के प्रत्याशी अतुल राय का बचाव किया है। मायावती ने अपने ट्विट में साफ लिखा है कि बीएसपी महिलाओं का पूरा-पूरा आदर व सम्मान करती है। जो जग-जाहिर है लेकिन दुखद है कि अब चुनाव के समय में भी बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग करके बीएसपी को बदनाम करने पर तुली हुई है। उन्होंने लिखा है कि घोसी में पार्टी प्रत्याशी के साथ भी ऐसा ही किया जा रहा है जो बीजेपी का यह अति-घिनौना चुनावी हथकंडा है। ऐसे में मायावती द्वारा बसपा प्रत्याशी अतुल राय के पक्ष में ट्विट कर भाजपा को आड़े हाथों लिया है साथ ही उन्होंने सीधे-सीधे अपने प्रत्याशी का बचाव किया है। बता दें कि गाजीपुर जनपद की एक युवती ने मऊ जनपद के घोसी लोकसभा के बसपा प्रत्याशी अतुल राय के खिलाफ अपना वीडियो बनाकर अपनी पूरी बात को फेसबुक सहित वाट्सअप पर वायरल किया था।

इस घटना के बाद अतुल राय ने मऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस करके अपने बचाव में पूरी बात पत्रकारों को बताई। कहा कि युवती का वह सिर्फ आर्थिक मदद किए थे बल्कि वह उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने उसके खिलाफ बलिया के नरहीं थाना में मानहानि का मुकदमा पंजीकृत कराया। अतुल राय द्वारा कानून के शरण में जाने के बाद युवती ने अतुल राय के ऊपर 420 व 376 की धारा सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा वाराणसी के लंका थाने में दर्ज कराया है।

ऐसे में अपने प्रत्याशी के पक्ष में मायावती का ट्विट कहीं न कहीं अतुल राय के लिए मजबूती का काम करेगा। अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति मायावती का बचाव का यह अंदाज कार्यकर्ताओं में कहीं न कहीं जोश भर देगा। सच क्या है झूठ क्या है यह तो कानून की किताबें और कानून के रखवाले ही जाने लेकिन इतना तो तय है कि 19 मई को होने वाले मतदान के पहले अतुल राय की छवि को लेकर अचानक जो यह भूचाल आया है उस में कहीं न कहीं मायावती का ट्विट अतुल राय के लिए वरदान साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *