खुशखबरी : मऊ में वाशिंग पिट, कोचिंग टर्मिनल का शुभारंभ करेंगे मनोज सिन्हा
■ गाजीपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये करेंगे लोकार्पण, घोसी सांसद हरिनारायण भी रहेंगे मौजूद
मऊ। मऊ जंक्शन पर वर्षों पूर्व से बन रहे कोचिंग टर्मिनल, वॉशिंग पिट का का लोकार्पण भारत सरकार के रेल राज्यमंत्री, संचार मंत्री मनोज सिन्हा द्वारा कल 6 मार्च को किया जायेगा। गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेल राज्यमंत्री, संचार मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) मनोज सिन्हा एक तरफ जहां रेल यात्रियों के सुविधाओं व सुरक्षा से जुड़े तमाम योजनाओं का लोकार्पण करेंगे वहीं नई योजनाओं के शिलान्यास के साथ ही एक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही गाजीपुर सिटी स्टेशन से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मऊ जँ. पर बनने वाले वॉशिंग पिट कोचिंग टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे।
गौरतलब हो कि मऊ जँ पर बनने वाले कोचिंग टर्मिनल को लेकर काफी दिनों से तरह तरह की बातें उठती रही हैं। लगभग दो वर्ष पूर्व से 80% से अधिक तैयार हो चुके इस परियोजना को लेकर जितनी मुँह उतनी बातें उठती रही थी। हालांकि गत वर्ष मऊ जँ. से लखनऊ इंटरसिटी ट्रेन का शुभारंभ करने आये मनोज सिन्हा ने तमाम अफवाहों पर विराम लगाते हुए परियोजना के शीघ्र ही पूर्ण होने की बात भरे मंच से कही थी। अब कल इसका लोकार्पण उनके द्वारा कर दिया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे जोनल रेलयात्री परामर्शदात्री समिति सदस्य श्रीराम जायसवाल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहाकि बुधवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर निर्भया फण्ड के तहत सीसीटीवी सर्विलांस प्रणाली, कोचों में पानी भरने हेतू 650 मीटर लम्बी हाइड्रेंट प्रणाली, प्लेटफार्मों पर कोच गाइडेंस प्रणाली का शुभारंभ करते हुए गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मऊ जँ. पर बने कोचिंग टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर जब रेल राज्य मंत्री गाजीपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा मऊ के 62 को हरी झंडी दिखाएंगे तो मऊ जंक्शन पर सांसद हरिनारायण राजभर द्वारा वाशिंग पिट का उद्घाटन किया जाएगा।
इसके साथ ही उनके द्वारा गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैरक, मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री, लिफ़्ट एवं प्लेटफार्म संख्या 2/3 की सतह में सुधार कार्य का शिलान्यास किया जायेगा। इसके साथ ही वाराणसी सिटी – दरभंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ भी करेंगे।

