गाजीपुर में स्कूल जा रही मासूम बालिका की ट्रक से कुचलकर मौत, चक्काजाम
गाजीपुर। मामा के साथ साइकिल से स्कूल जा रही मासूम बालिका की ट्रक से कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना में मृत बालिका के मामा भी घायल हो गए, वहीं हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बालापुर का है। थानाध्यक्ष मोहम्मदाबाद के अनुसार क्षेत्र के सुल्तानपुर की रहने वाली 7 वर्षीया अनुराधा बालापुर स्थित अपने ननिहाल मे रह कर पढ़ाई किया करती थी। शुक्रवार की सुबह हुआ अपने मामा के साथ साइकिल से स्कूल जा रही थी कि तभी अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग बुलंद की। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

