अपना जिला

सर्वसाधारण की उपेक्षा को बड़ा पाप मानते थे स्वामी विवेकानंद : आशुतोष कुमार राय

मऊ। भारतीय समाज और राष्ट्र के जीवन में नवीन प्राणों का संचार करने वाले स्वामी विवेकानंद का जीवन जितना रोमांचकारी है उतना ही प्रेरणादायक भी। उन्होंने अपने विचारों से अतीत के अधिष्ठान पर वर्तमान का और वर्तमान के अधिष्ठान पर भविष्य का बीजारोपण कर देश की आत्मा को चैतन्यता से भर दिया। उक्त बातें भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राय ने “ग्राम संसद” कार्यक्रम के तहत युवाओं को संबोधित करते हुए कहा।
उन्होंने कहा कि स्वामी जी की दृष्टि में समाज की बुनियादी इकाई मनुष्य था और उसके उत्थान के बिना वे देश व समाज के उत्थान को अधूरा मानते थे। उनका दृष्टिकोण था कि राष्ट्र का वास्तविक पुनरुद्धार मनुष्य-निर्माण से प्रारंभ होना चाहिए। मनुष्य में शक्ति का संचार होना चाहिए जिससे कि वह मानवीय दुर्बलताओं पर विजय प्राप्त करने में और प्रेम, आत्मसंयम, त्याग, सेवा एवं चरित्र के अपने सद्गुणों के जरिए उठ खड़ा होने का सामथ्र्य जुटा सके। वे सर्वसाधारण जनता की उपेक्षा को एक बड़ा राष्ट्रीय पाप मानते थे।
स्वामी जी गरीबी को सारे अनर्थों की जड़ मानते थे। इसलिए उन्होंने दुनिया को सामाजिक-आर्थिक न्याय और समता-समरसता पर आधारित समाज गढ़ने का संदेश दिया। वे ईश्वर-भक्ति और धर्म-साधना से भी बड़ा काम गरीबों की गरीबी दूर करने को मानते थे। एक पत्र में उन्होंने ने लिखा है कि ‘ईश्वर को कहां ढुंढ़ने चले हो। ये सब गरीब, दुखी और दुर्बल मनुष्य क्या ईश्वर नहीं है? इन्हीं की पूजा पहले क्यों नहीं करते ?’ उन्होंने स्पष्ट घोषणा की थी कि ‘गरीब मेरे मित्र हैं। मैं गरीबों से प्रीती करता हूं। मैं दरिद्रता को आदरपूर्वक अपनाता हूं। गरीबों का उपकार करना ही दया है।’ वे इस बात पर बल देते थे कि हमें भारत को उठाना होगा, गरीबों को भोजन देना होगा और शिक्षा का विस्तार करना होगा। स्वामी जी ने भारत के लोगों को संबोधित करते हुए शिकागो से एक पत्र में लिखा कि याद रखो की देश झोपड़ियों में बसा हुआ है, परंतु शोक! उन लोगों के लिए कभी किसी ने कुछ नहीं किया।’ स्वामी जी गरीबों को लेकर बेहद संवेदनशील थे। विशिष्ट अतिथि भाजयुमो जिला अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि आज आवश्यकता है स्वामी विवेकानंद जी के सपनों के भारत निर्माण की जिसके लिए युवाओं को अपनी पूरी ताकत झोंकनी होगी।
“फाउंडेशन फॉर यूथ” कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में काझा खुर्द गांव में शिव मंदिर पर युवा संसद का आयोजन किया गया। जिसमें मताधिकार, ग्राम पंचायत का विकास, चिकित्सा सेवा, शिक्षा सेवा, विज्ञान एवं खेती स्वरोजगार, भारत की सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम जनकल्याणकारी नीतियों की चर्चा करते हुए सुशासन में ग्राम पंचायत का योगदान विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित राय ने किया। इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह, प्रवीण कुमार राय, विकास राय, दीपक राय, जयंत राय, अमित राय, अर्पित उपाध्याय, राज किशोर गुप्ता, संतोष राय, अंबुज राय ग्राम प्रधान सुनील गौड़, सत्यम राय, रामसमुझ चौहान, पिंटू राम व राजेश राम सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *