खास-मेहमान

आजमगढ़ के “कबीर” सुनील कुमार दत्ता को ‘‘भड़ास सीनियर फोटो जर्नलिस्ट सम्मान

आजमगढ़ में कबीर के नाम पर अपनी पहचान बनाने वाले देश के प्रख्यात फोटो पत्रकार सुनील कुमार दत्ता न तो किसी नाम के मोहताज हैं और न ही सम्मान के। यह अलग बात है कि आजमगढ़ चाहता है कि उसके कबीर को बार-बार बड़े से बड़ा सम्मान मिले और ऐसा होने से आजमगढ़ खुद को गौरवान्वित महसूस करता है। अभी हाल ही में नोएडा के होटल रेडिशन ब्लू में भड़ास मीडिया के दमदार 10 साल पूर्ण होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में कमर वाहिद नकवी, रामबहादुर राय, गुरुदीप सिंह सप्पल , राजीव नयन बहुगुणा के हाथों आजमगढ़ के कबीर सुनील कुमार दत्ता को ‘‘भड़ास सीनियर फोटो जर्नलिस्ट का सम्मान‘‘ प्रदान किया गया। वह भी ओम थानवी, अनिरुद्ध बहल, समर अनार्या, क्षमा शर्मा, दयानन्द पाण्डेय जी की मौजूदगी में यह सम्मान निश्चित रूप से कबीर के जीवन का बहुत बड़ा सम्मान है। ऐसी स्थिति में किसी भी मीडियाकर्मी के लिए उस सम्मान की अहमियत और भी बढ़ जाती है, जब यह सम्मान खबरनवीशों पर नजर रखने वाले न्यूज पोर्टल भड़ास 4 मीडिया के निर्भीक, निडर, फक्कड मस्त मौला, हर दिल अजीज, गाजीपुर के शेर कहे जाने वाले सम्पादक कामरेड यशवंत सिंह द्वारा दिया जाय।

कबीर को इसके पहले भी मिले हैं कई पुरस्कार…
सुनील कुमार दत्ता ‘‘कबीर‘‘ को इसके पहले भी कई पुरस्कार भी मिले हैं। समानन्तर नाट्य संस्था द्वारा 1982 में सम्मान, 1990 में गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा पुलिस वेलफेयर एवार्ड , 1994 में गवर्नर एवार्ड महामहिम राज्यपाल मोती लाल बोरा द्वारा राहुल स्मृति चिन्ह 1994 में, राहुल जन पीठ द्वारा राहुल एवार्ड 1994 में, अमरदीप द्वारा बेस्ट पत्रकारिता के लिए एवार्ड 1995 में, उत्तर प्रदेश प्रोग्रेसिव एसोसियशन द्वारा बलदेव एवार्ड, स्वामी विवेकानन्द संस्थान द्वारा 1996 में स्वामी विवेकानन्द एवार्ड, 1998 में संस्कार भारती द्वारा रंगमंच के क्षेत्र में सम्मान व एवार्ड, 1999 में किसान मेला गोरखपुर में बेस्ट फोटो कवरेज के लिए चैधरी चरण सिंह एवार्ड, वर्ष 2002, 2003 व 2005 में आजमगढ़ महोत्सव में एवार्ड, 2012- 2013 में सूत्रधार संस्था द्वारा सम्मान चिन्ह, 2013 में बलिया में संकल्प संस्था द्वारा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया। कबीर को अन्तर्राष्ट्रीय बाल साहित्य सम्मेलन, देवभूमि खटीमा (उत्तराखण्ड) में 19 अक्टूबर, 2014 को ‘‘ब्लॉगरत्न‘‘ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा राहुल जन्मपीठ संस्था ने उनको राहुल जन्मपीठ मानचिन्ह प्रदान किया। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र नागपुर के तत्वावधान में आयोजित 8 वें अखिल भारतीय कला प्रतियोगिता में यूपी से कबीर का चयन किया गया।

 

छायांकन का छबीला चितेरा है कबीर…

जिद है बच्चे की, उसे जलती जमीं पर छोड़ दो।
चुटकियों में थामकर वह, तितलियां ले आयेगा।।
देश के जाने-माने प्रख्यात शायर मधुर नज्मी ने यह लाइनें कभी हमारे, आपके अपने कबीर के लिए कही थी। उस कबीर के लिए जो कबीर पेड़ की जड़ों व कोतड़ों में हमेशा जिन्दा रहेगा। छायांकन के उस छबीले चितेरे सुनील कुमार दत्ता उर्फ कबीर पर आजमगढ़ को ही नहीं बल्कि समूचे देश को नाज है जिसने पेड़ों की जड़ों व कोतड़ों की भाषा को समझा और यह जाना कि उनमें भी जीवन है। अपने तरीके का यह पहला व अनूठा शोध रहा जिसे फोटोग्राफी के माध्यम से कबीर ने पूरा किया। इन जड़ों व कोतड़ों पर हुई फोटोग्राफी पर उन्होंने कई शहरों में प्रदर्शनी भी लगायी जिसे प्रबुद्ध तबके में काफी सराहा गया।
आजमगढ़ में 01 दिसम्बर 1959 को जन्में सुनील कुमार दत्ता उर्फ कबीर आज देश के बड़े फोटोग्राफरों व साहित्कारों के बीच किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। कबीर के पिता स्व राजेन्द्र नाथ दत्ता रेलवे में स्टेशन मास्टर होने के साथ होम्योपैथ के अच्छे डाक्टर व सामाजिक कार्यकर्ता थे। पांच भाइयों में तीसरे नम्बर पर रहे कबीर ने अपने पिता के आदर्शों का वरण करते हुए समाज के बीच अपनी अमिट छाप बनायी है। बचपन से ही कबीर का लगाव फोटोग्राफी के प्रति रहा। यही वजह रही कि उन्होंने आठ वर्ष की छोटी उम्र में ही अपने हाथ में कैमरा थाम लिया। फोटोग्राफी करते हुए उन्होंने अपनी शिक्षा जारी रखी और समाज शास्त्र से एमए करने के साथ ही मास्टर आफ जर्नलिज्म किया। आगे चलकर वह आजमगढ़ के ही रहने वाले रमेश चन्द श्रीवास्तव से फोटोग्राफी की बारीकियां सीखी। यह अलग बात है कि वह फोटोग्राफी में किसी को अपना आदर्श नहीं मानते हैं। उनका मानना है कि वह किसी को अपना आइडियल मानकर किसी की जिराक्स नहीं बनना चाहते हैं। वह ऐसा बनना चाहते हैं जिससे लोग उनको अपना आइडियल माने। बहरहाल फोटोग्राफी के सारे गुर मुकम्मल सीखने के बाद उन्होंने वर्ष 1984 में आजमगढ़ शहर के रैदोपुर मुहल्ले में छायांकन नाम से अपना खुद का स्टूडियो स्थापित कर लिया। इसी के साथ उनके कदम बढ़े फोटो पत्रकारिता की ओर। बात 1984 की ही है। आजमगढ़ के ही रहने वाले देश के जाने-माने पत्रकार जयशंकर गुप्त उस समय रविवार पत्रिका में लिखा करते थे। आजमगढ़ में तत्कालीन केन्द्रीय मंत्री कल्पनाथ राय के लोगों ने एक मकान कब्जा कर रखा था। जयशंकर जी उसकी रिर्पोटिंग करने के लिए आये। फोटोग्राफी के लिए उन्होंने कबीर से सहयोग लिया। फोटोग्राफी पसंद आयी तो वह कबीर को अपने साथ जोड़ लिये। बस यहीं से शुरू हुआ कबीर के फोटो पत्रकारिता का सफर। फिर तो कबीर चल पड़े इस पथ पर निर्वाध गति से। वह आजमगढ़ के पहले फोटो पत्रकार हैं। सही मायने में कबीर को आजमगढ़ की फोटो पत्रकारिता का जनक कहा जा सकता है। आजमगढ़ से छपने व दूसरे शहरों से छपकर आजमगढ़ आने वाले सभी अखबारों व पत्रिकाओं के लिए अकेले कबीर ही फोटोग्राफी किया करते थे। बाद में दैनिक जागरण, अमर उजाला जैसे कुछ बड़े अखबारों में नौकरी भी की। यह अलग बात है कि किसी अखबार से बंधकर नौकरी करना उनको ज्यादा दिनों तक रास नहीं आया और नौकरी छोड़कर वह फिर स्वतंत्र फोटोग्राफी करने लगे। साथ ही कई अखबारों के लिए लेख भी लिखे। अखबारों में ब्लैक एण्ड ह्वाइट फोटोग्राफी से लेकर कलर फोटोग्राफी तक के युग को वह ईमानदारीपूर्वक जीते रहे। सीपीआई से जुड़ाव होने के कारण वह बाद में सीपीआई के ब्लाग लोक संघर्ष पर लिखना शुरू किये और बाद में हस्तक्षेप व इन्टरनेशनल न्यूज एण्ड ब्यूज ब्लाग पर लिखे। आज अपने ब्लाग शरारती बचपन के माध्यम से आम आदमी की आवाज को बुलन्द किये हुए हैं।

आजमगढ़ के भूख के भूगोल व विद्रोह के इतिहास को उकेरा…

आजमगढ़ ऐसा जिला है जहां भूख का भूगोल व विद्रोह का इतिहास पढ़ा जाता है। भूख के इस भूगोल व विद्रोह के इतिहास को कबीर ने अपनी फोटोग्राफी के माध्यम से बखूबी उकेरा। व आजमगढ़, मउ व बलिया के कोठों पर जाकर नगरवधुओं पर स्टोरी किये और उनके दर्द को अपनी फोटोग्राफी के माध्यम से उकेरे। सब मिलाकर उनकी फोटोग्राफी में हमेशा आम आदमी का दर्द नजर आया। कबीर ने एक बार जगदीश चन्द बसु को पढ़ा। उन्होंने कहा था कि पेड़ में जीवन है, वह बोलते और समझते हैं। इसी से प्रेरणा लेकर कबीर ने प्रकृति पर अपना कैमरा चलाया और पेड़ों की जड़ों व कोतड़ों पर शोधपरक फोटोग्राफी की। अपने कैमरे में कैद किये इन फोटोग्राफ्सों की वह कई शहरों में प्रदर्शनी लगाये, जिसे प्रबुद्ध तबके में काफी सराहा गया। आजमगढ़ शहर के नेहरू हाल में पहली प्रदर्शनी लगाने के बाद वह वर्ष 1990 में बीएचयू की आर्ट गैलरी में अपनी प्रदर्शनी लगाये। बीएचयू के तत्कालीन डीन आफ बिजुअल आर्ट एपी गज्जर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। पेड़-पौधों व मानव के बीच अटूट रिश्तों को प्रदर्शित करने वाले इन चित्रों की प्रदर्शनी इलाहाबाद संग्रहालय के बौद्ध थंका आर्ट गैलरी में लगायी गयी। उस समय तक इस गैलरी में चित्र प्रदर्शनी लगाने वाले कबीर पहले भारतीय रहे। उन्होंने आजमगढ़ में जन्मे दुनियां के जाने-माने आर्टिस्ट फ्रेंक वेस्ली के वर्ष 1994 में आजमगढ़ आगमन पर प्रख्यात विद्वान शांतिस्वरूप जी के चन्द्र भवन पर प्रदर्शनी लगायी। वह नागपुर के डा देशपांडे आर्ट गैलरी में भी प्रदर्शनी लगाये और काफी सराहना बटोरे। वर्ष 1995 में वह कला भवन आजमगढ़ में प्रदर्शनी लगाये।

कबीर के बारे में विद्वानों की राय…

बीएचयू के तत्कालीन डीन आफ बिजुअल आर्ट एपी गज्जर ने कबीर की चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद कहा कि कला, साहित्य मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति के साधन हैं। ललित कलाओं के अब तक जितने स्वरूप उद्घाटित किये गये हैं, उनमें उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। मानवीय संवेदनाओं को आधार बनाकर अब फोटोग्राफी भी एक ललित कला की श्रेणी में है। सुनील दत्ता ने एक नई विधा की फोटोग्राफी विकसित की है। मुगलकालीन चित्र एवं वास्तुकला विशेषज्ञ डा शांतिस्वरूप ने कहा कि छायांकन कला अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस विधा को लोककला की संज्ञा दी और कहा कि दत्ता की फोटोग्राफी देखकर आज यह एहसास हुआ कि एक छोटे से यांत्रिक उपकरण को क्लिक करके मानवीय संवेदनाओं को उद्घाटित किया जा सकता है। प्रख्यात साहित्यकार अमरनाथ तिवारी ने कहा कि श्री दत्ता के प्रकृति प्रेम की तुलना अंग्रेजी के प्रकृति प्रेमी कवि वट्स बर्थ से की जा सकती है। जिस तरह से वट्स जैसे कवि को प्रयास के प्रारम्भिक दिनों में आलोचना का शिकार होना पड़ा था, वही दत्ता भी झेल रहे हैं। इनकी कला में जो सूक्ष्मदर्शी मानव कल्पना छिपी हुई है, वह दर्शन की गहराई को प्रदर्शित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *