अपना जिला

अवैध कब्जा, भवनों के ध्वस्तीकरण के प्रतिवाद में तथा परिसर- पुनर्निर्माण के लिए संकल्प सत्याग्रह

वाराणसी के राजघाट स्थित सर्व सेवा संघ परिसर पर सरकार द्वारा अवैध कब्जा, भवनों के ध्वस्तीकरण के प्रतिवाद में तथा परिसर- पुनर्निर्माण के लिए आज यहां संकल्प सत्याग्रह आयोजित किया गया।
इस सत्याग्रह में देश भर के गांधीजन एवं लोकतांत्रिक विचारधारा के प्रतिनिधि शामिल हुए। यह कार्यक्रम सरकार के अवैध कब्जे के एक वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया गया। ज्ञात हो कि एक वर्ष पहले वाराणसी एवं रेल प्रशासन ने प्रधानमंत्री कार्यालय के इशारे पर आचार्य विनोबा भावे की प्रेरणा से स्थापित राजघाट परिसर एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण के प्रयास से निर्मित विश्व स्तरीय शोध केंद्र- गांधी विद्या संस्थान को षडयंत्र पूर्वक कब्जा कर लिया और इसके अधिकांश भवनों को बिना किसी अदालती आदेश के गैरकानूनी तरीके से गिरा दिया। बनारस के आला अधिकारियों ने यह झूठ भी फैलाया कि सर्व सेवा संघ ने रेलवे की जमीन पर कब्जा कर रखा है जबकि सर्व सेवा संघ ने नॉर्दर्न रेलवे से 1960, 1961 और 1970 में तीन बैनामे के जरिए 12.89 एकड़ जमीन खरीदी थी। राजस्व अभिलेख- खतौनी में भी सर्व सेवा संघ का नाम दशकों से अंकित था। इससे पहले दिसंबर 2020 में तत्कालीन जिलाधिकारी ने इसी परिसर की जमीन के एक हिस्से को बलपूर्वक कब्जा कर गुजरात की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को अपना वर्कशॉप बनाने के लिए दे दिया था।

संकल्प सत्याग्रह के जरिए संपूर्ण घटनाक्रम का विवरण देते हुए राष्ट्रपति को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया जिसमें यह मांग की गई है कि सर्व सेवा संघ प्रकरण की न्यायिक जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व व्यक्तियों को दंडित किया जाए तथा गांधी विरासत के इस परिसर को क्षतिपूर्ति सहित सर्व सेवा संघ को वापस किया जाए।

सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने बताया कि सरकार के इस अन्याय के प्रतिवाद में देशभर में 22 जुलाई से 12 अगस्त तक संकल्प सत्याग्रह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।इसी क्रम में दिल्ली के जंतर मंतर पर 5 अगस्त 2024 को एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम होगा। इस संबंध में प्रदेश एवं जिला सर्वोदय मंडलों को निर्देशित किया गया है।

कार्यक्रम में चंदन पाल, उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष राम धीरज, सर्व सेवा संघ के मंत्री अरविंद कुशवाहा, अरविंद अंजुम, सत्येंद्र सिंह, मध्य प्रदेश से भूपेश भूषण आदि ने उपवास रखा। आज के कार्यक्रम में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से आईकैन के संयोजक अरविंद मूर्ति, दीपक ढोलकिया, नूतन मालवी, लोकतांत्रिक राष्ट्रनिर्माण अभियान के सुशील कुमार, बिहार सर्वोदय मंडल के सत्यनारायण, ध्रुव कुमार, सामाजिक राजनीतिककार्यकर्ता जागृति राही, संजय सिंह वल्लभ पांडे नंदलाल मास्टर, वरिष्ठ गांधीवादी प्रो सोमनाथ रोड़े, चंपारण से पंकज पटना से किसान नेता उमेश मुस्तफा, गुड़गांव से सतीश मराठा, मऊ से अनोखेलाल, उड़ीसा से विपिन भाई, राजेश मानव, शिवकांत त्रिपाठी, चंद्रशेखर सिंह, प्रदीप रजक आदि शामिल हुए।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय राय कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह राघवेंद्र चौबे प्रजानाथ शर्मा कांग्रेस सेवादल के प्रमोद पांडे आदि 200 से अधिक लोग सत्याग्रह में शामिल हुए पुलिस ने काफी मस्कट के बाद गांधी जी की मूर्ति पर पांच लोगों को माल्यार्पण करने दिया मूर्ति के पास की रेलिंग गायब है और वहां बेहद गंदगी है बैठना तो दूर खड़ा होना भी मुश्किल है।
संकल्प सत्याग्रह में राम धीरज भाई घोषणा की किसी भी कीमत पर होटल या माल नहीं बनने दिया जाएगा यहां अहिंसा मंदिर और संविधान मंदिर बनाया जाएगा। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *