28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान
■ जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों को लेकर दिये दिशा-निर्देश हैं
मऊ, 22 सितम्बर 2020। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम 28 सितंबर से 07 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने अमित सिंह बंसल ने निर्देश दिया है।
बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि (पेट के कीड़े) से मुक्ति के लिए और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आईसीडीएस व पंचायती राज विभाग के अधिकारी एवं जनपद के सक्रिय स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम के संदर्भ में रणनीति तैयार की गई और सभी विभागों को दिशा-निर्देश दिये गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन निदेशक के पत्र के अनुसार राज्य में 01 से 19 वर्ष के बच्चों में कृमि संकमण की व्यापकता दर 76 प्रतिशत है जिसके कारण प्रदेश में कृमि मुक्ति अभियान का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाता है। प्रदेश में वर्ष 2020-21 में प्रथम चरण के एन.डी.डी. अभियान का शुभारम्भ 11 जिलों में मुख्यमंत्री के द्वारा 10 अगस्त 2020 को किया जा चुका है। अब दूसरे चरण का अभियान 28 सितम्बर से प्रारम्भ होकर 07 अक्टूबर 2020 तक किया जाना है। वर्तमान में कोविड संक्रमण के कारण विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केन्द्र बंद हैं। अतः भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के तहत कोविड-19 प्रोटोकॉल के क्रम में फंटलाइन वर्कर आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के सहयोग से घर-घर भ्रमण कर समस्त एक से 19 वर्ष तक के बालक – बालिकाओं एवं किशोरों को दवा खिलाई जायेगी |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि एक से 19 वर्ष तक के आयु के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिये राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (नेशनल डीवोर्मिंग डे) अभियान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मनाया जायेगा। इसमें पेट के कीड़े निकालने की गोली एल्वेण्डाजॉल खिलायी जानी है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कृमि की गोली तय समय पर सभी सीएचसी, पीएचसी, नगरी स्वास्थ्य केन्द्रों समेत फ्रंट लाइन वर्करों तक पंहुचाई जाएगी जिससे अभियान के शुरूआत होने के साथ 10 दिनों के भीतर अधिक से अधिक बच्चों और किशोर-किशोरियों को लाभ मिल सकेगा।
