श्रम विभाग के कार्यशाला में श्रमायुक्त ने व्यापारियों को दी जानकारी
मुहम्मदाबाद गोहना -मऊ/ तहसील सभागार में रविवार को श्रम विभाग की ओर से व्यापारियों को जागरूक करने हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं दुकानों का नवीनीकरण, पंजीकरण आदि संबंधित जानकारी व्यापारियों को दी गई । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपश्रम आयुक्त मंडल आजमगढ़ ( सहायक लेबर कमिश्नर) रोशन लाल ने उपस्थित व्यापारियों को लघु व्यापारी मानधन योजना एवं उनके लेबरों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने व्यापारियों के दुकानों का नवीनीकरण तथा पंजीयन आदि के बारे में बताते हुए कहा कि पंजीकृत व्यापारियों के लेबरों को श्रम विभाग की पांच योजनाओं का लाभ मिलेगा।जिसमें लाभार्थी श्रमिक के विवाह योग्य पुत्रियों के विवाह संस्कार को सुगमता से संपन्न कराने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करना, मृतक श्रमिक की विधवाओं को योजना का लाभ देना,श्रमिक के मेधावी पुत्र-पुत्रियों को पुरस्कार योजना प्रदान करना आदि विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ पंजीकृत दुकानदारों के यहां कार्यरत श्रमिक उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह योजनाएं श्रम कल्याण परिषद द्वारा संचालित है।
कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मऊ धीरज सिंह ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए बताया कि व्यापारी अपने दुकानों का नवीनीकरण तथा पंजीयन करा लें।पंजीकृत व्यापारियो कें यहां कार्यरत श्रमिक को ही इस योजना का लाभ मिलेगा।आपके दुकानों पर जो भी लेबर कार्य कर रहे हैं,उन्हें श्रम विभाग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों को बताया जल्द ही विशेष अभियान चलाकर दुकानों का पंजीकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक सुरेश चंद, विकास सिंह, सुधाकर सरोज,सतीश विश्वकर्मा तथा व्यापारियों में नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद,त्रिभुवन नारायण सिंह, मोहम्मद जाकिर, प्रेमचंद यादव, गोपाल जी सेठ, प्रशांत चौरसिया,राम सिंह चौहान, अनमोल साहू,डॉक्टर इनामुल्लाह समेत कस्बे के व्यापारी उपस्थित रहे ।

