खेत में कार्य कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत
मोहम्मदाबाद गोहना/ मऊ । मोहम्मदाबाद गोहना- जहानागंज मुख्य मार्ग पर स्थित देवसीपुर गांव में अपने खेत में काम कर रहा किसान की शुक्रवार को दोपहर में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। आसपास के किसान जब उस किसान को खेत में गिरा हुआ देखे तो उन सभी ने तुरंत इसकी सूचना परिवार वालों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और आनन फानन में उसे मुहम्मदाबाद गोहना स्थित सीएचसी ले गए,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के देवसीपुर गांव निवासी 53 वर्षीय रणधीर राजभर पुत्र स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद शुक्रवार को दोपहर में अपने खेत में काम कर रहा था।उनका घर गांव से बाहर सिवान में है,वह अपने धान की बेहन में मेड़बंदी कर रहे थे। इस दौरान बारिश होने लगी और तेज चमक के साथ गिरी बिजली के चपेट में आकर खेत मे ही गिर गया।आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आये,जहां चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।ग्रामवासियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
इस बाबत पूछे जाने पर उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना हेमंत कुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिली है, लेखपाल को मौके पर भेजा गया है।शासन स्तर से जो भी अहेतुक सहायता होगी, वह इस परिवार को दी जाएगी।

