सावधान:जरूरी काम से घर से निकल रहे हैं तो मास्क व गमछा लगाना न भूलें, वर्ना भरना पड़ेगा जुर्माना:डीएम
■ लॉकडाउन का सख्ती से कराया जायेगा पालन
मऊ। लॉकडाउन की सख्ती से पालन कराये जाने को लेकर जनपद के लोकप्रिय जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बुधवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। जिसमें पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने बताया कि पीएम के ऐलान के बाद लॉकडाउन की अवधि 3 मई बढ़ा दी गई है। जिसको ध्यान में रखते हुए जनपद में लॉकडाउन का और भी सख्ती से पालन कराया जायेगा, जो व्यक्ति इस का उल्लंघन करते हुए सड़क पर दिखाई देगा उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कोई भी घर से बाहर निकलता है तो वह मास्क एवं गमछा लगाकर ही निकलें, जो व्यक्ति बिना गमछा या मास्क लगाए घूमता हुआ दिखायी देगा तो उस व्यक्ति को पांच सौ से लेकर 15 सौ रूपये तक जुर्माना लगाया जायेगा। डीएम ने कहा कि हमें और सतर्कता बरतने की जरूरत है और लॉकडाउन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिग का पूरी तरह से ध्यान दें। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बाहरी व्यक्ति आता है तो तत्काल जिला मुख्यालय पर सूचना दें। कहा कि मऊ की जनता को किसी भी हाल में सुरक्षित रखना है यह है मेरा प्रयास।

