10 मरीज हुए स्वस्थ, जनपद में रह गए मात्र चार कोरोना पॉजिटिव
कोरोना बुलेटिन : श्रीराम जायसवाल
मऊ। जनपद में लगातार कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने का सिलसिला आज भी बना रहा। शनिवार को 10 मरीज इलाज के दौरान स्वस्थ होकर घरों को रवाना किए गए। इनमें जहां 8 लोगों को मऊ जनपद में स्थित कोविड-19 एल-1 हॉस्पिटल से छोड़ा गया वहीं दो लोगों को आजमगढ़ स्थित पीजीआई चक्रपानपुर से रवाना किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतीशचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि अलग-अलग हॉस्पिटलों में 13 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा था। जिनमें अमिला क्षेत्र के मां बेटे भी शामिल रहे जो आजमगढ़ के चक्रपानपुर पीजीआई हॉस्पिटल में भर्ती थे। इसके साथ ही चिरैयाकोट कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से मां के साथ दो बेटियां सहित पांच लोग, टेकई से एक, इंदारा से एक व कासिमपुर से 1 लोग स्वस्थ होकर अपने अपने घरों को रवाना हुए। हालांकि आज जनपद के रतनपुरा क्षेत्र के नगवा गांव से एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया। जो गत दिनों मुंबई से यात्रा कर घर लौटा था। इस तरह कुल मिलाकर अब जनपद में महज चार लोग कोरोना पॉजिटिव रह गए।


